Agra News: खबरें आगरा की.....
द्वितीय भारतीय कविता दिवस मनाया गया
आगरा, 30 सितम्बर। आरबीएस कॉलेज हिंदी विभाग व साहित्य संगीत संगम के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को द्वितीय भारतीय कविता दिवस मनाया गया। आयोजन प्रथम महाकवि चंद्रवरदाई और ओम जय जगदीश हरे के रचयिता श्रद्धा राम फिल्लौरी को समर्पित रहा।
मुख्य अतिथि डॉ. शशि गोयल, अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिलन, मुख्य वक्ता प्रो. वीणा शर्मा, प्रो. युवराज सिंह व सुशील सरित ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना प्रो. आन्शवना सक्सेना ने की।
हरीश भदौरिया ने कहा विश्व में कविता दिवस मनता है, पर भारत में नहीं। पिछले वर्ष शुरू इस परिकल्पना को देशव्यापी बनाना लक्ष्य है। मुख्य वक्ता प्रो. वीणा शर्मा ने कहा चंद्रवरदाई व पृथ्वीराज रासो राजा-साहित्यकार मित्रता का अनुपम उदाहरण है। उनका 'मत चूको चौहान' हमें अवसर न चूकने की प्रेरणा देता है। डॉ. शशि गोयल ने कहा फिल्लौरी की आरती उत्तर से दक्षिण तक संस्कार देती है। प्रो. आन्शवना, प्रो. युवराज, भारतेंदु, दिनकर व अटल जी की कविताओं का सस्वर पाठ हुआ। अध्यक्ष डॉ. मिलन ने निराला का स्मरण किया।
_________________________________
संत रविदास 650वीं जयंती पर समरसता महोत्सव, भूमि पूजन हुआ
आगरा, 30 सितम्बर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर दो से चार अक्टूबर तक बीएसएनएल ग्राउंड, तारघर चौराहा पर तीन दिवसीय समरसता महोत्सव होगा। बुधवार को मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र की मौजूदगी में भूमि पूजन हुआ।
महासभा अध्यक्ष रमेश कर्दम व सचिव अभिनव मौर्य ने बताया कि महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रदर्शनी होगी। उद्देश्य गुरु रविदास के समानता व समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान मनोज राजौरा, डॉ. निष्ठा शर्मा, विजय सामा, प्रमोद महाजन, हर्ष दिवाकर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
_________________________________
दूसरे दिन शिक्षक क्षेत्र के लिए 7 और स्नातक क्षेत्र के लिए 9 प्रत्याशियों ने फार्म लिए
आगरा, 30 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। दूसरे दिन कमिश्नरी स्थित आयुक्त कक्ष-4 में शिक्षक क्षेत्र के लिए 7 और स्नातक क्षेत्र के लिए 9 प्रत्याशियों ने फार्म लिए।
शिक्षक क्षेत्र से आकाश अग्रवाल, मदन मोहन शर्मा, अमित कुमार समेत 7 और स्नातक क्षेत्र से सुरेश मलानी, यतेंद्र गहलोत, अनुराग सिंह समेत 9 प्रत्याशी शामिल हैं।
आगरा खंड में शिक्षक के लिए 27 और स्नातक के लिए 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। बिचपुरी व कटरा बजीर खां में सहायक मतदेय स्थल बनेगा। बजीरपुरा के जर्जर भवन की जगह सेंट जोसेफ गर्ल्स कॉलेज में केंद्र प्रस्तावित है।
कार्यक्रम: अधिसूचना 29 सितंबर, नामांकन अंतिम 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर, वापसी 9 अक्टूबर, मतदान 23 अक्टूबर, मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। समय सुबह 8 से शाम 4 बजे तक। नामांकन स्थल आयुक्त कक्ष-4, समय 11 से 3 बजे। जमानत सामान्य ₹10,000 व SC/ST ₹5,000। आचार संहिता लागू।
_________________________________
जिलाधिकारी ने जिला कोषागार का किया निरीक्षण
आगरा, 30 सितम्बर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला कोषागार का निरीक्षण किया।
डीएम ने डबल लॉकर, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और वित्तीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया। महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए।
बिल-पासिंग व भुगतान प्रक्रिया को शासन के वित्तीय नियमों के अनुरूप पारदर्शी व समयबद्ध करने को कहा। पंजिकाओं को अद्यतन रखने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। कहा शासकीय कार्यों में शिथिलता न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे, सहायक कोषाधिकारी अवध किशोर गुप्ता, हृदेश राजौरिया, मनोज कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।
_________________________________

Post a Comment
0 Comments