कबाड़ी करते थे हाईटेंशन तार की चोरी, 55 किलो एल्युमिनियम तार, 2.80 लाख नकद और तमंचे समेत तीन गिरफ्तार
आगरा, 17 सितम्बर। थाना खेरागढ़ पुलिस ने हाईटेंशन तार चोरी का खुलासा किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप, 55 किलो एल्युमिनियम तार, 2.80 लाख नकद और तमंचा बरामद किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विगत सात सितंबर की रात भिलावली-खानपुर में 1700 मीटर तार चोरी हुआ था। पुलिस ने 300 सीसीटीवी खंगाले और सर्विलांस से आरोपियों को चिह्नित किया। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर भिलावली मोड़ से हुकम चंद उर्फ गोलू, संदीप और सचिन को पकड़ा गया। पूछताछ में हुकम चंद उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया कि वह कबाड़ खरीदने-बेचने, गलाने और खपाने का काम करता है। संदीप और सचिन भी छोटे स्तर पर कबाड़ का काम करते हैं।
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने मीडिया को बताया कि आरोपी रस्सी, आरी ब्लेड और कटर से तार काटते थे। तीन आरोपी नावेद, जाकिर और निसामुद्दीन अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि हुकम चंद की कोटपुतली में बालाजी एंटरप्राइजेज फर्म है। उसने साथियों के साथ 2760 किलो तार चोरी कर गलाकर आठ लाख रुपये में बेचा था। माल को आपस में बांट लिया और कुछ रकम खर्च कर दी।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments