बड़ी खबर: आगरा में "पैसा लो" फाइनेंस कंपनी पर आयकर सर्वे, पांच ठिकानों पर जांच में जुटी टीमें

आगरा, 06 अगस्त। आयकर विभाग ने गुरुवार को बड़ा एक्शन लेते हुए शहर की फाइनेंस कंपनी "पैसा लो" के ठिकानों पर सर्वे किया। कंपनी के पांच परिसरों पर दोपहर में शुरू हुई कार्रवाई रात तक जारी थी। जांच टीमें वित्तीय दस्तावेज खंगालने में जुटी हुई हैं। 
पता चला है कि "पैसा लो" कंपनी पूर्व की एस ई इन्वेस्टमेंट कंपनी से जुड़ी हुई है। पहले संजय प्लेस में एस ई इन्वेस्टमेंट कंपनी का कार्यालय होता था। पैसा लो कंपनी ने गांधीनगर में अपना प्रधान कार्यालय बना रखा है। कंपनी का मुख्य कार्य ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना है। कंपनी के कर्ताधर्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल से भी जुड़े हुए बताए जाते हैं।
आयकर विभाग को लम्बे समय से कंपनी के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर प्रधान आयकर आयुक्त मनोज कुमार लाल के निर्देशन में और आयकर रेंज 2 के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने एकसाथ पांच परिसरों पर धावा बोला। टीमों ने पहुंचते हुए लेनदेन संबंधी जरूरी दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया। 
कंपनी के गांधीनगर और संजय प्लेस स्थित कार्यालयों के अलावा कमलानगर, सिकंदरा-बोदला मार्ग पर देवीराम स्वीट्स के निकट स्थित बागला अपार्टमेंट और एक अन्य परिसर पर जांच टीमें पड़ताल में जुटी हुई हैं। एडिशनल कमिश्नर नरेश चंद्र और डिप्टी कमिश्नर आशिमा महाजन के नेतृत्व में करीब तीस से अधिक लोगों की पांच टीमें वित्तीय लेखे जोखे को खंगाल रही हैं। पुलिस बल भी सभी परिसरों पर तैनात कर दिया गया है। सर्वे कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व आयकर विभाग ने विगत फरवरी माह में भी शहर में आयकर जांच की कार्रवाई को अंजाम दिया था।
_______________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments