सेंट जोन्स कॉलेज की शिक्षिका को पति ही कर रहा ब्लैकमेल!

आगरा, 05 अगस्त। सेंट जोन्स कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना हरिपर्वत थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि पति ने उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी, ब्लैकमेल किया और जान से मारने की धमकियां दीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पति ने व्हाट्सएप के जरिए पिस्टल की तस्वीर भेजी और धमकी भरे संदेशों के साथ 50 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। महिला प्रोफेसर ने यह भी आरोप लगाया है कि पति लगातार उनकी नौकरी छुड़वाने की कोशिश कर रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और झूठी जानकारी फैलाकर बदनाम करने की धमकियां भी दी गईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिवार परामर्श केंद्र में चल रही काउंसलिंग के दौरान आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर केंद्र के बाहर उन्हें घेर लिया, जिससे वह भयभीत हो गईं। इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थाना हरिपर्वत थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। व्हाट्सएप चैट, धमकी भरे संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments