Agra News
एडीजी ने कैडेट्स को बताए एनसीसी के फायदे
आगरा, 06 अगस्त। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम ने विगत दिवस गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर में कैडेट्स को एनसीसी के फायदे गिनाते हुए जीवन में अच्छे कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि एनसीसी न केवल अनुशासन और नेतृत्त्व का पाठ पढ़ाती है बल्कि देश सेवा का अवसर भी प्रदान करती है।
एडीजी ने आईडीएससी शूटिंग प्रतियोगिता में ऑल इंडिया स्तर पर, यू.पी. निदेशालय के प्रथम आने पर सभी को बधाई दी। गोल्ड मेडल जीतने वाले कैडेट्स सहित कुल 20 कैडेट्स को सम्मानित किया। एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य कैडेट्स को भी पुरस्कार दिया।
उन्होंने आगरा ग्रुप मुख्यालय के सभी एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स, लेक्चरर्स, प्रोफेसर्स और शिक्षकों से मुलाकात की। एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत सभी पी आई स्टाफ से भी उन्होने चर्चा की और उनके समर्पण की सराहना की।
__________________________________________
कैलाश मंदिर पर 21 कुंडीय महायज्ञ आठ को
आगरा, 06 अगस्त। संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर आठ अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर, परिसर में 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
गुरु रविदास महासभा के अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि महायज्ञ के उपरांत आयोजन स्थल पर ही संत रविदास जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके सामाजिक आदर्शों पर आधारित विचार गोष्ठी आयोजित होगी।
अभिनव मौर्य, विजय सामा सहित अन्य लोगों ने आमंत्रण पत्र का विमोचन किया।
__________________________________________
संत रविदास के रज कलश को भ्रमण कराया
आगरा, 06 अगस्त। संत रविदास के बनारस से यहां आए रज कलश को गुरुवार को उत्तर विधानसभा के दीनदयाल मंडल में भ्रमण कराया गया। रज कलश को भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने शीश पर धारण किया। महानगर महामंत्री महेश शर्मा, अभियान संयोजक राहुल सागर, ओम प्रकाश चलनी वाले, रामबाबू हरित, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, डॉ पार्थ सारथी शर्मा, टी एन चौहान, हिमांशु मिश्रा उपस्थित रहे।
__________________________________________
नवीन जैन के सवाल पर रेल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई
आगरा, 06 अगस्त। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने संसद में देश में वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार, हाई-स्पीड रेल नेटवर्क, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में नई वंदे भारत सेवाओं तथा स्वदेशी तकनीक से निर्मित आधुनिक ट्रेनों के संबंध में महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जवाब में बताया कि 27 जुलाई 2026 की स्थिति के अनुसार भारतीय रेल नेटवर्क पर 81 जोड़ी वंदे भारत (चेयर कार) तथा एक जोड़ी वंदे भारत (स्लीपर) ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। वंदे भारत ट्रेनों में आधुनिक कोच, उन्नत सुरक्षा प्रणाली, बेहतर यात्री सुविधाएं तथा अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। मुंबई-अहमदाबाद उच्च गति रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। उत्तराखंड के प्रमुख शहर देहरादून, हरिद्वार और योग नगरी ऋषिकेश को बड़ी संख्या में रेल सेवाओं से जोड़ा गया है।
__________________________________________
मातृ दुग्ध बैंक को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
आगरा, 06 अगस्त। प्रताप नगर स्थित श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स चैप्टर के सहयोग से मातृ दुग्ध बैंक की नीतिगत समीक्षा एवं संचालन पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में देशभर में संचालित मदर मिल्क बैंकों के अनुभवों पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने कहा कि मां का दूध नवजात के लिए पहली वैक्सीन, पहला पोषण और सबसे सुरक्षित उपचार है। डॉ. संजीव अग्रवाल, डॉ. स्वाति द्विवेदी, डॉ शुभिका गर्ग ने प्रक्रिया की जानकारी दी। अशोक कुमार अग्रवाल, राजकुमार गर्ग सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
__________________________________________
दो बीएमडी शिविरों में 45 महिलाओं की जाँच
आगरा, 06 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा गुरुवार को महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस की समय रहते पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से दो जाँच शिविर आयोजित किए गए। एक शिविर अपना घर अन्नपूर्णा महिला आश्रम, न्यू राजा मंडी में तथा दूसरा शिविर अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक विज के क्लिनिक पर आयोजित हुआ।
दोनों शिविरों में कुल 45 महिलाओं की हड्डियों के घनत्व की जाँच की गई। प्रत्येक पाँच में से लगभग चार महिलाओं में हड्डियों की कमजोरी किसी न किसी स्तर पर सामने आई। अपना घर अन्नपूर्णा महिला आश्रम में ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने महिलाओं को बताया कि रजोनिवृत्ति के बाद हार्मोनल परिवर्तन के कारण हड्डियों की मजबूती तेजी से कम हो सकती है। संतुलित एवं प्रोटीनयुक्त आहार, कैल्शियम और विटामिन-D युक्त खाद्य पदार्थ, नियमित धूप, वजन वहन करने वाले व्यायाम, मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली कसरत तथा गिरने से बचाव के उपाय ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम में महत्वपूर्ण हैं।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments