डॉक्टर से ठगी की कोशिश: ब्लू डार्ट के नाम पर भेजा लोकेशन लिंक, क्लिक करते ही हैक हो गया मोबाइल और व्हाट्सएप, साइबर सेल पहुंचकर बचाई रकम

आगरा, 29 अगस्त। साइबर शातिरों ने शनिवार को दिनदहाड़े एक डॉक्टर को ठगी का नया जाल बिछाकर फंसाने की कोशिश की। खुद को ब्लू डार्ट कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर पार्सल के बहाने लोकेशन मांगी और डॉक्टर का मोबाइल फोन व व्हाट्सएप हैक कर लिया। डॉक्टर की सतर्कता से बड़ी ठगी होने से बच गई।
कैसे फंसाया?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डॉ रोहित गुप्ता सेंट जोंस कॉलेज चौराहे के पास स्थित अपने क्लीनिक पर शनिवार की सुबह क्लीनिक में मरीज देख रहे थे, तभी उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा, "मैं ब्लू डार्ट कूरियर कंपनी से बोल रहा हूं। कंपनी का सर्वर डाउन है, आपका एक पार्सल है। मैं आपको एक मोबाइल नंबर भेज रहा हूं, उस पर अपनी लाइव लोकेशन भेज दीजिए ताकि डिलीवरी बॉय आप तक पहुंच सके।"
इसके बाद डॉक्टर के मोबाइल फोन पर एक मोबाइल नंबर भेजा गया। डॉ. रोहित ने बताया कि वह नंबर डायल करने ही वाले थे, तभी उन्हें शक हुआ कि यह साइबर ठगों की कॉल हो सकती है। उन्होंने पूरा नंबर डायल नहीं किया, लेकिन तब तक शातिरों ने उनका मोबाइल और व्हाट्सएप हैक कर लिया था।
सतर्कता से बच गई रकम
चिकित्सक को तुरंत समझ आ गया कि मोबाइल और व्हाट्सएप हैक कर अब उनके खाते से रकम निकालने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बिना देर किए अपना व्हाट्सएप डिलीट किया, मोबाइल स्विच ऑफ किया और सीधे साइबर क्राइम सेल पहुंच गए। वहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी।
साइबर सेल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका व्हाट्सएप और मोबाइल हैकर्स के कब्जे से मुक्त कराया। साथ ही मोबाइल के सिक्योरिटी फीचर्स को अपडेट किया, ताकि भविष्य में दोबारा हैक न हो सके। समय रहते सतर्कता दिखाने से डॉक्टर साइबर ठगों के जाल में फंसने से बच गए, नहीं तो खाते से बड़ी रकम साफ हो सकती थी।
पुलिस की अपील
साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर से कूरियर, पार्सल या सर्वर डाउन के नाम पर आने वाली कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान नंबर पर लोकेशन, ओटीपी या लिंक शेयर न करें। शक होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर सेल से संपर्क करें।
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments