खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नगर निगम का डंडा, 14 को थमाए नोटिस; सफाई में लापरवाही पर कंपनी का भुगतान रोका
आगरा, 29 अगस्त। शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। खुले में कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 14 लोगों को चिह्नित कर नोटिस भेजे गए हैं, वहीं कूड़ा उठान में लापरवाही बरतने पर कार्यदायी संस्था का भुगतान रोक दिया गया है।
गोबर चौकी मंडी में 14 लोगों पर कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को गोबर चौकी सब्जी मंडी क्षेत्र में अभियान चलाया। जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि निरीक्षण के दौरान खुले स्थान पर कूड़ा डालने वाले 14 लोगों को चिह्नित किया गया। सभी को घर पर नोटिस भेजकर चेतावनी दी गई है कि भविष्य में खुले में कूड़ा न फेंकें।
नगर निगम ने साफ किया है कि सार्वजनिक जगह, सड़क किनारे या खाली प्लॉट पर कूड़ा फेंकने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। इसके लिए क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम का कहना है कि निगम का मकसद सिर्फ जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता की आदत विकसित करना है। फिर भी अगर कोई नोटिस के बाद भी खुले में कूड़ा फेंकता मिला तो उससे शमन शुल्क वसूला जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अपील की कि लोग घर और दुकान का कूड़ा सड़क, नाले या खाली प्लॉट पर न फेंकें, बल्कि डोर-टू-डोर कलेक्शन गाड़ी को ही दें।
धांधूपुरा में अंडरग्राउंड डस्टबिन पर कर्मचारी नहीं मिला
दूसरी ओर शनिवार को वार्ड-29 के धांधूपुरा में नगर निगम की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की लापरवाही सामने आई। जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा ने यहां लगे अंडरग्राउंड डस्टबिन का निरीक्षण किया तो मौके पर मैसर्स नेचर ग्रीन टूल्स कंपनी का कोई कर्मचारी तैनात नहीं मिला। जबकि नियम के अनुसार डस्टबिन की निगरानी और आसपास सफाई के लिए कर्मचारी होना जरूरी है।
जेडएसओ ने इसकी रिपोर्ट नगर आयुक्त को भेजी और कंपनी पर पेनल्टी की संस्तुति की।
रिपोर्ट पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए कार्यदायी संस्था के भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पेनल्टी और नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाली संस्थाओं व खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर अभियान लगातार जारी रहेगा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments