कासगंज में भीषण सड़क हादसा, छह लोगों की मौत, बीस घायल, राजस्थान से सोरों जाती पिकअप की ट्रक से भिड़ंत
आगरा, 31 अगस्त। पड़ोसी जनपद कासगंज में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक पिकअप में सवार थे। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष बताए गए हैं। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें सात बच्चे, छह महिलाएं और सात पुरुष बताए जा रहे हैं।
खबरों के अनुसार, पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान के करौली और भरतपुर जिलों से तीर्थनगरी सोरों आ रहे थे। सभी लोग अस्थि विसर्जन और गंगा स्नान के लिए सोरों जा रहे थे। तड़के करीब साढ़े चार बजे कोतवाली सदर क्षेत्र में मोहनपुरा के पास शिव इंटर कॉलेज के सामने पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रक शाहजहांपुर से पशु आहार लेकर जयपुर जा रहा था।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज कासगंज के जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतकों में उमेश पुत्र बबलू (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- ग्राम रेवई, जनपद करौली, राजस्थान, प्रेम पत्नी तेजराम (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान, नेहरू पुत्र रामखिलाड़ी (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान, रीना पत्नी करमवीर (उम्र करीब 32 वर्ष), निवासी- सलेमपुर कला, जनपद भरतपुर, राजस्थान, अंजलि पत्नी मनीष (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना महुआ इब्राहिमपुर, जनपद करौली, राजस्थान, रामजीत/रंजीत पुत्र तेजराम (उम्र करीब 33 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना हिण्डौन, जनपद करौली, राजस्थान बताए गए हैं।
फिलहाल, पुलिस हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है. शुरुआती जानकारी में ट्रक के रॉन्ग साइड आने और पिकअप चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी सही जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments