आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का खुलासा, नाबालिग बच्ची बरामद, महिला समेत तीन गिरफ्तार
आगरा, 13 जुलाई। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। नियमित जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक महिला समेत तीन कथित मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से बिहार की रहने वाली 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरपीएफ आगरा फोर्ट की टीम स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गोहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस में एक महिला और दो पुरुषों के साथ यात्रा कर रही बच्ची की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ करने पर बच्ची ने जो कहानी बताई, उसे सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में सामने आया कि बच्ची बिहार की रहने वाली है और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर दस हजार रुपये लेकर उसकी शादी करा दी थी। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ राजस्थान ले जा रहे थे।
आरपीएफ और एनजीओ की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह कोई बड़ा मानव तस्करी गिरोह तो नहीं है।
पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग बच्ची को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments