पति ने मायके में रह रही पत्नी की कर दी हत्या, दोपहर में हुआ था विवाद, ताजगंज में सनसनीखेज वारदात
आगरा, 07 जुलाई। ताजगंज के कोलिहाई मोहल्ले में एक पति ने मंगलवार शाम को मायके में मौजूद अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। पत्नी पति से झगड़े के बाद पिछले आठ-दस महीने से मायके में दो बच्चों के साथ रह रही थी। आरोपी पति को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने मीडिया को बताया कि कोलिहाई, ताजगंज निवासी कुंती देवी (40) की शादी 21 साल पहले डौकी स्थित कुंडौल, पवावली निवासी रणवीर उर्फ रानो से हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है। पति-पत्नी के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। पति की हरकतों से परेशान होकर कुंती मायके में आ गई। बाद में कोर्ट में मुकदमा डाल दिया। तब से मामला विचाराधीन था।
कुंती देवी की ताई माया ने पुलिस को जानकारी दी कि मंगलवार की सुबह रणवीर अपने पिता रामप्रसाद के साथ घर आया था। उसने कुंती पर ससुराल चलने का दबाव बनाया। लेकिन कुंती ने मना कर दिया। कहा जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। रणवीर नाराज होकर पिता को लेकर चला गया।
शाम तकरीबन चार बजे बजे रणवीर फिर आया। कुंती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही रणवीर ने उसके बाल पकड़ लिए और घसीटकर ले जाने लगा। कुंती ने विरोध किया तो रणवीर ने चाकू निकाल लिया। इसके बाद उसके सीने, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ छह प्रहार कर दिए। इससे कुंती लहूलुहान हो गई। पड़ोस की महिला भी घर में बैठी थीं। उन्होंने शोर मचाया। आरोपी भागने लगा। यह देखकर पड़ोसी उसके पीछे दौड़े और उसे पकड़ लिया। गम्भीर रूप से घायल कुंती ने इलाज के दौरान अस्पताल में दमतोड़ दिया।
________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments