जिला उद्योग बंधु की बैठक में बिजली, जलभराव और ओडीओपी सहित कई मुद्दों की समीक्षा, कार्रवाई के निर्देश

आगरा, 28 जुलाई। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिलास्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों को विद्युतापूर्ति में आ रही समस्याओं के संबंध में कार्यवाही की जानकारी ली। बैठक में टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक निर्मित किये जा रहे बड़े नाले के निर्माण में औद्योगिक आवागमन एवं वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने का प्रकरण रखा गया। बताया गया कि उक्त नाले पर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों/आवास/मार्गों तथा दुर्घटनास्थल स्थलों पर नाले को कवर किए जाने हेतु धनराशि का अवस्थापना निधि के अंतर्गत आगणन गठित किया जा चुका है। 
बैठक में भगवती बाग फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली निर्माण प्रकरण में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार द्वारा बताया गया कि सम्बन्धित स्थानों पर प्रक्रिया को पूर्ण किया जा रहा है। बोदला बिचपुरी रोड के नाले की सफाई एवं क्षेत्र में बंदरों की समस्या के निराकरण के संबंध में बताया गया कि संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। 
बैठक में हाईवे पर विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के समीप जलभराव निदान की मांग रखी गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों हेतु सिटी बस सेवा संचालित करने की मांग रखी गई। अरतौनी एवं रुनकता फीडरों से उद्योगों हेतु निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग भी रखी गई। जिलाधिकारी ने विद्युत अधिकारियों को रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
नेशनल चैंबर ने किया डीएम का सम्मान, रखी मांगें 
बैठक में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने ताज संरक्षित क्षेत्र में सर्वोच्च न्यायालय में सक्रिय पैरवी करने पर जिलाधिकारी का सम्मान किया। उन्होंने यूपीसीडा के अधिकार क्षेत्र के उद्यमियों से नगर निगम द्वारा जलकर मांगे जाने का विरोध किया और बोदला बिचपुरी रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण एवं मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की।
चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने फाउंड्रीनगर बस अड्डे के संचालित होने के बाद से नियमित आवागमन में परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने के लिए दस मीटर के डिवाइडर को हटाए जाने का सुझाव दिया। पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने ओडीओसी योजना के अंतर्गत आगरा की प्रसिद्ध बेड़ई को भी शामिल किए जाने की मांग रखी। पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने रामबाग से सिटी बसों के संचालन की जानकारी दी।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह व जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्यगण आदि मौजूद रहे।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments