सात घंटे तक नाले में फंसी रही गाय, पार्षद ने नाले में खुद उतरकर सफाईकर्मियों की मदद से बचाई की जान, सूचना देने पर भी सोता रहा नगर निगम
आगरा, 11 जुलाई। नगर निगम शहर में सक्रियता और विभागीय कार्रवाई का लाख दिखावा करे, लेकिन जमीनी हकीकत एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। वाटर वर्क्स स्थित जलकल विभाग के सामने खुले गहरे नाले में एक गाय करीब सात घंटे तक फंसी तड़पती रही, लेकिन सूचना देने पर भी नगर निगम की कोई टीम समय पर नहीं पहुंची। क्षेत्रीय पार्षद किशन नायक द्वारा नगर निगम के कई अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी लगभग तीन घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार पार्षद स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ नाले में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला।
पार्षद द्वारा नगरायुक्त से शिकायत किए जाने के बाद नगर निगम की मशीनरी हरकत में जरूर आई, लेकिन जब तक नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, तब तक लोगों द्वारा गाय को बाहर निकाला जा चुका था। यदि समय रहते यह प्रयास नहीं किया जाता तो गाय की जान भी जा सकती थी।
खबरों के अनुसार शनिवार की सुबह वाटर वर्क्स स्थित जलकल विभाग के सामने बने खुले नाले में एक गर्भवती गाय गिर गई थी। गहरे नाले में फंसने के कारण वह कई घंटों तक बाहर नहीं निकल सकी और लगातार तड़पती रही। घटना की जानकारी क्षेत्रीय पार्षद किशन नायक को मिली तो उन्होंने तत्काल नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग तथा मेट्रो व एलटी विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर रेस्क्यू टीम भेजने का अनुरोध किया।
पार्षद किशन नायक के अनुसार, सूचना देने के बाद भी करीब तीन घंटे तक कोई अधिकारी या रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पार्षद किशन नायक ने नगर आयुक्त को पूरे मामले से अवगत कराया। इससे नगर निगम का अमला हरकत में तो आया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, क्योंकि तब तक गाय को बाहर निकाला जा चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्षद किशन नायक स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ नाले में उतर गए। लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पार्षद किशन नायक का कहना है कि घटना के दौरान क्षेत्र का सुपरवाइजर, एसएफआई, स्वास्थ्य अधिकारी और निर्माण विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। इससे नगर निगम की कार्यशैली और आपातकालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments