Agra News: खबरें आगरा की....
प्रवीना राजावत समेत छह पार्षद नगर निगम कार्यकारिणी में निर्विरोध निर्वाचित
आगरा, 18 जुलाई। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का फिर वर्चस्व साबित हो गया। शनिवार को नगर निगम सदन में हुई बैठक के दौरान कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा के पांच उम्मीदवार और बहुजन समाज पार्टी की एक प्रत्याशी निर्वाचित हुईं। लंबे राजनीतिक मंथन और करीब तीन घंटे तक चली खींचतान के बाद आखिरकार चुनाव बिना मतदान के आम सहमति से संपन्न हो गया।
नगर निगम कार्यकारिणी के नए सदस्यों में प्रवीना राजावत (भाजपा), हेमंत प्रजापति (भाजपा), अतुल अवस्थी (भाजपा), रवि करोतिया (भाजपा), गुड्डू राठौर (भाजपा) और निधि सिंह (बसपा) शामिल हैं।
नगर निगम की कार्यकारिणी समिति में कुल 12 सदस्य होते हैं, जिनका चयन पार्षदों में से किया जाता है। इनमें से छह सदस्यों का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो चुका था। इसी कारण महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा की अध्यक्षता में शनिवार सुबह 11 बजे नगर निगम सदन की विशेष बैठक बुलाई गई। कार्यकारिणी की छह सीटों के लिए कुल नौ नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। भाजपा की ओर से प्रवीना राजावत, हेमंत प्रजापति, अतुल अवस्थी, रवि करोतिया, गुड्डू राठौर और वेद प्रकाश गोस्वामी ने नामांकन किया था। वहीं बसपा ने निधि सिंह, माता प्रसाद और पुष्पा कुमारी को मैदान में उतारा था।
करीब तीन घंटे तक चली राजनीतिक चर्चा और रणनीतिक बैठकों के बाद दोपहर करीब दो बजे भाजपा और बसपा के बीच सहमति बन गई। इसके बाद भाजपा की ओर से वेद प्रकाश गोस्वामी और बसपा की ओर से पुष्पा कुमारी तथा माता प्रसाद ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। नाम वापसी के बाद चुनाव निर्विरोध हो गया और मतदान की नौबत नहीं आई।
_________________________________________
सेन्ट पीटर्स कॉलेज में बाल संसद का गठन
आगरा, 18 जुलाई। सेन्ट पीटर्स कॉलेज में शनिवार को 'बाल संसद गठन' समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रार्थना के साथ किया गया। इसमें सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज के कक्षा चौथी व पांचवीं के छात्रों की छात्र संसद का गठन कर विद्यार्थियों को उनकी पद की जिम्मेदारियों का सौंपा गया।
इसमें छात्र शिवांश अग्रवाल 'प्राइम मिनिस्टर', गियांश कृष्ण गुप्ता को 'डिप्टी प्राइम मिनिस्टर', मो आरिश शम्शी को 'स्पीकर', अनय गौतम को 'कैबिनेट सेक्रेटरी', शिवाय तिवारी को स्पोर्ट्स कप्तान' को ध्वज और सैश प्रदान किये गये। साथ ही चारों सदन के प्रतिनिधियों को उनके सदन के ध्वज प्रदान कर कार्यभार सौंपे गये। विभिन्न कक्षा के प्रतिनिधियों को भी बैज दिये गये। प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो ने सभी छात्रों को नैतिक, नेतृत्व, सहभागिता और उत्तरदायित्व की शपथ दिलाई तथा अनुशासन के साथ शैक्षिक व सास्कृतिक कार्यक्रमों में छात्रों की हिस्सेदारी लेने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ विजय कुमार ने बच्चों को सही मार्ग पर चलने और अपनी जिम्मेदारियो का ईमानदारी से करने लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन नन्ने मुन्ने बच्चों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मैनेजर फादर इग्नेशियस मिरांडा, हेडमिस्ट्रेस सिस्टर एन्सी चिरायथ, उप-प्रधानाचार्य फादर कुलकान्त छिन्चाणी, फादर लुईस केस, कॉलेज समन्वयक दिव्या मैम की उपस्थिति रही।
_________________________________________
आगरा मंडल व्यापार संगठन ने सौंपा ज्ञापन
आगरा, 18 जुलाई। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने सुभाष बाजार के पीड़ित व्यापारियों के संबंध में एक ज्ञापन सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडे को सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि जब वर्ष 1977 में तत्कालीन नगर महापालिका ने व्यापारियों को नाले पर दुकानें बनाकर बसाया था तभी से व्यापारी युक्त दुकानों की एवज में नगर निगम को संपत्ति कर देते आ रहे हैं इसलिए वह आज भी नगर निगम के वैध किराएदार हैं। दुकान में दरार आने पर पीड़ित व्यापारियों ने विगत 9 जून को कार्यालय में मरम्मत के लिए पत्र दिया था लेकिन नगर निगम ने ईश्वर को ध्यान नहीं दिया और हादसा हो गया जिसमें एक निर्दोष महिला की भी जान चली गई। कोई व्यापारी यह नहीं चाहेगा कि उसकी दुकान पर आए हुए ग्राहक को कोई भी नुकसान हो इस हादसे में पीड़ित व्यापारियों का कोई दोष नहीं है।
संगठन की मांग है कि शीघ्र ही उक्त पीड़ित व्यापारियों के लिए निगम द्वारा अन्य जगह का निर्धारण किया जाए। ज्ञापन देने वालों में संगठन के गिरीश चंद्र गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, दर्शन थवानी, भागचंद थवानी, प्रकाश थवानी आदि सदस्य उपस्थित थे।
_________________________________________
भाजपा अनुसूचित मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत से शनिवार को भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने भेंट कर उनका स्वागत किया।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुद्धा पार्क की सौगात दिए जाने पर धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर नेत्रपाल सिंह, आकाश आजाद, अनिल कुमार, रविंद्र कुमार, सोनू कुमार, अमरपाल सिंह उपस्थित रहे।
_________________________________________
मनीष अग्रवाल बने मुख्य सलाहकार
आगरा, 18 जुलाई। लायंस क्लब आगरा आकाश के पूर्व अध्यक्ष एवं संस्थापक सदस्य मनीष अग्रवाल को लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321, सी2 के गवर्नर लायन राम नारायण वर्मा ने मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है। उन्हें मार्केटिंग एवं मीडिया चेयर पर्सन का भी कार्यभार सौंपा गया है।
मनीष अग्रवाल नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष रह चुके हैं और श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष हैं। उनकी नियुक्ति पर नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, केडी गुप्ता ने हर्ष प्रकट किया है।
_________________________________________
द एडवोकेट एसोसिएशन का स्वागत
आगरा, 18 जुलाई। माँ दुर्गा मंदिर नामनेर प्रांगण में नामनेर बाजार कमेटी एवं संकल्प सेवा संस्था ने द आगरा एडवोकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
द एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद बघेल, सचिव विष्णु सक्सेना कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, संकल्प के संरक्षक डॉ अशोक शिरोमणी, डॉ डी वी शर्मा, अध्यक्ष ब्रजेश पंडित एवं उपाध्यक्ष विनय शर्मा एडवोकेट ने भारतमाता के चित्र के समक्ष दीप जलाकर,माल्यार्पण कर किया।
नामनेर बाजार कमेटी के महामंत्री नवजोत सिंह गोल्डी, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, मंत्री महेश कुशवाह, गिरीश कुमार, अजय अग्रवाल, पद्मावती बघेल, धर्मेंद्र चौधरी, आमीन, विशाल कपूर, रंजीत सिंह, शिशुपाल बघेल, राम शुक्ला, मोहम्मद शमशीर, सिद्धार्थ आनंद, नरेश इंडोलिया ने सभी का स्वागत किया।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments