Agra News: खबरें आगरा की....

सदर भट्टी में नगर निगम ने गिराना शुरू किया जर्जर भवन 
आगरा, 11 जुलाई। सुभाष बाजार में हुए दर्दनाक हादसे और मलबे में दबी महिला का शव अभी तक न मिलने के बाद नगर निगम की नींद खुली है और शहर के जर्जर भवनों तथा नालों पर बने असुरक्षित निर्माणों की ओर ध्यान गया है।
इसी क्रम में शनिवार की प्रातः सदर भट्टी स्थित नगर निगम के स्थानीय कार्यालय के निकट एक जर्जर भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। 
सामाजिक संस्था हिन्दुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी का कहना है कि किसी मकान या दुकान से कहीं अधिक महत्वपूर्ण एक इंसान का जीवन है। सुभाष बाजार की घटना आज पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। 
_________________________________________
बुद्धा पार्क की दीवार गिरने के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग
आगरा, 11 जुलाई। भारतीय जाटव समाज के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने कालिंदी विहार स्थित बुद्धा पार्क में नवनिर्मित दीवार ढहने के मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि इस घटना से निर्माण कार्य की गुणवत्ता, कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तथा निर्माण में अपनाए गए मानकों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता, लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो यह न केवल सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला होगा बल्कि जनहित के साथ भी खिलवाड़ माना जाएगा। प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति को देखते हुए इस प्रकरण में समयबद्ध, निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच आवश्यक है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कार्यदायी संस्था, ठेकेदार अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार सिद्ध होता है, तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
_________________________________________
पुराने शहर में निकाली आमंत्रण यात्रा 
आगरा, 11 जुलाई। श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा के लिए शनिवार को एस एन मेडिकल कॉलेज के पीपल वाले गेट से आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यात्रा सिंधी बाजार, फव्वारा, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी और कचहरी घाट होते हुए बेलनगंज तिराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। 
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप प्रभु ने बताया कि श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन), रश्मि नगर, कमलानगर में 14 जुलाई को नयन उत्सव आयोजित होगा। 
स्नान पूर्णिमा के बाद 14 दिनों के विश्राम उपरांत भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम भक्तों को पुनः दर्शन देंगे। 15 जुलाई को छप्पन भोग एवं फूल बंगला की मनोहारी झांकी सजाई जाएगी, जबकि 16 जुलाई को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी।
_________________________________________
पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता सम्पन्न 
​आगरा, 11 जुलाई। दयालबाग़ एजुकेशन  इंस्टीट्यूट की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों के बीच जनसंख्या वृद्धि के वैश्विक व राष्ट्रीय प्रभावों और चुनौतियों पर मंथन करने के लिए पोस्टर मेकिंग एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
संचालन डॉ. अपेक्षा जैन, श्री मुकेश कुमार सीतपाल, डॉ. राजेश कुमार, सौरव सिकरवार ने किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में ​अर्जुन श्रीवास्तव (प्रथम स्थान) ​तृप्ति शर्मा (द्वितीय स्थान) ​हरेंद्र सिंह (तृतीय स्थान) पर रहे। 
​पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ​खुशी (प्रथम स्थान), ​सूरत कुमार (द्वितीय स्थान), ​वंशिका (तृतीय स्थान) पर रहे।
सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। 
_________________________________________
जिला रैंकिंग टेबल टेनिस 20-21 जुलाई को
आगरा, 11 जुलाई। द्वितीय जिला रैंकिंग टेबिल टेनिस टूर्नामेंट का‌ आयोजन 20 और 21 जुलाई को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। जिला टेबिल टेनिस एसोसिएशन की महासचिव डॉ अलका शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों में खेली जाएगी- 
1 अंडर-9. (बालक एवं बालिका वर्ग)
2.होप्स (अंडर-11 बालक एवं बालिका वर्ग)
3.कैडेट (अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग)
4.सब जूनियर (अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग)
5 जूनियर( अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग)
6. यूथ (अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग)
7.महिला एवं पुरुष वर्ग 
8.वेटरन्स (मास्टर्स) के मुकाबले खेले जाएंगे। इच्छुक प्रतिभागी 14 जुलाई तक अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments