आगरा के समर्थ अग्रवाल ने आईबीडीपी में 45/45 अंक प्राप्त कर प्रदेश में रचा इतिहास
आगरा, 07 जुलाई। शहर के प्रतिभाशाली छात्र समर्थ अग्रवाल ने इंटरनेशनल बैकालॉरिएट डिप्लोमा प्रोग्राम (IBDP) में 45 में से 45 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में नया इतिहास रचा है। समर्थ आगरा टूरिस्ट वैलफेयर चैम्बर के अध्यक्ष एवं पर्यटन उद्यमी प्रहलाद अग्रवाल के पौत्र एवं तरुन अग्रवाल के पुत्र हैं।
आईबीडीपी को विश्व के प्रतिष्ठित स्कूली पाठ्यक्रमों में से एक माना जाता है। डेढ़ सौ से अधिक देशों में संचालित इस पाठ्यक्रम छात्रों को छह विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ 4,000 शब्दों का विस्तृत निबंध, थ्योरी ऑफ नॉलेज, अनेक इंटरनल असेसमेंट्स तथा क्रिएटिविटी, एक्टिविटी एंड सर्विस जैसी अनिवार्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करना होता है।
आईबीडीपी में 45/45 अंक प्राप्त करना दुर्लभ उपलब्धि है। प्रत्येक वर्ष विश्वभर में बहुत कम छात्र ही इस सर्वोच्च अंक तक पहुँच पाते हैं। यह उपलब्धि दो वर्षों तक निरंतर कठिन परिश्रम, शोध, विश्लेषणात्मक क्षमता, प्रस्तुतियों, प्रायोगिक कार्यों का प्रमाण है। समर्थ अग्रवाल ने यह उपलब्धि जयपुर के जयश्री पैरीवाल इंटरनेशनल स्कूल से पढ़कर प्राप्त की।
समर्थ अग्रवाल की यह सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि पर परिवारीजनों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्राप्त हो रही हैं।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments