यमुनाब्रिज मालगोदाम पर सीमेंन्ट की रैक के प्लेसमेंट पर रोक से व्यापारियों में रोष
आगरा, 25 जून। यमुना ब्रिज मालगोदाम पर सीमेन्ट रैकोें के प्लेसमेंट पर रोक लगने से व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यह मुद्दा जीवनी मंडी स्थित नेशनल चैम्बर भवन में गुरुवार को प्रेस वार्ता में उठाया गया।
अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि यमुनाब्रिज मालगोदाम पर रैक लगाने के लिये पाँच लाइनें उपलब्ध हैं जिनमें से दो लाइनों पर आरडबल्यूसी के वेयरहाउस स्थापित हैं जिनमें माल आयातकर्ता अपनी रैकों का माल अनलोड करने की सुविधा उपलब्ध है। लेकिन यमुना ब्रिज मालगोदाम पर सीमेन्ट रैकोें के प्लेसमेंट पर रोक लगने से व्यापारी परेशान हैं। समस्या के निस्तारण हेतु मंडल रेल प्रबंधक, महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज एवं रेल मंत्री को भी पत्र भेजा गया है। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा चैम्बर के साथ शीघ्र बैठक करने का आश्वासन दिया गया है।
रेलवे प्रकोष्ठ के चेयरमैन एस.एन. अग्रवाल ने कहा कि वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने जा रही है। वर्तमान में सीमेन्ट की रैकें कुबेरपुर मालगोदाम पर स्थित दोनो लाइनों में से किसी भी लाइन पर कवर्ड शेड निर्मित नहीं होने के कारण सीमेन्ट की रैकों के प्लेसमेंट के लिये उपयुक्त नहीं है।
पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि रेलवे द्वारा कीठम रेलवे स्टेशन स्वागत योग्य कदम है परन्तु वहाँ पर मूलभूत सुविधाओं का पर्याप्त अभाव होने के कारण सीमेन्ट की रैक के प्लेसमेंट में असुविधा हो रही है। आगरा में सीमेन्ट की औसतन तीन से पाँच रैक प्रतिदिन आती है। यमुनाब्रिज गुड्स शेड बंद कर देने के पश्चात समस्त इंडेन्ट कुबेरपुर गुड्स शेड पर दबाव बढ़ जाने की सूरत में रेल्वे विभाग द्वारा एक माह में ही सीमेन्ट रैकों के इंडेन्ट पर बार-बार रोक लगानी पड़ रही है।
इस दौरान नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, मनोज गुप्ता, रवि अग्रवाल, राजीव, सुरेन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह, अनिल वार्ष्णेय, दिलीप, मुकेश गुप्ता, सचिन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल उपस्थित थे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments