Agra News-2: खबरें आगरा की -2...
मधुर जैन के नेत्रदान से दो जिन्दगियों में होगा उजाला
आगरा, 15 जून। पश्चिमपुरी, बोदला निवासी मधुर जैन (51) का निधन हो जाने पर परिवारीजनों ने उनके नेत्रदान कराए। सामाजिक संस्था हेल्प आगरा के सहयोग से जैन के काॅर्निया एस एन मेडीकल कालेज को दान किए गए, जिससे अंधकारमय जीवन जी रहे दो लोगों के जीवन में उजाला होगा।
मधुर जैन के परिवार ने हेल्प आगरा के देहदान व नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन से नेत्रदान के लिए संपर्क किया। सूचना पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम द्वारा नेत्रदान प्रकिया पूरी कराई गई। हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ अग्रवाल, प्रभारी प्रतीक जैन व मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने समाज से अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने तथा मृत्योपरांत अपने परिजनों को इसके लिए प्रेरित करने को कहा है। नेत्रदान के लिए 9319111000 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
_________________________________________
सर्जन्स वीक में पर्यावरण संरक्षण के लिए निकाली इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली
आगरा, 15 जून। एसोसिएशन आफ सर्जन्स आफ आगरा (एएसए) के सर्जन्स वीक में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली निकाली गई।
डाक्टरों ने अपील की कि वे वाहनों का कम इस्तेमाल करें, इसमें भी इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल करें, जिससे प्रदूषण की रोकथाम हो सके। कृष्णा इंद्रप्रस्थ से इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली (ईवीथान) का शुभारंभ हुआ, पांच किलोमीटर की रैली का समापन कृष्णा इंद्रप्रस्थ पर हुआ। एएसए के अध्यक्ष डा. अमित श्रीवास्तव और ईसी सदस्य डा. समीर ने कहा कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए लोगों को प्रयास करने चाहिए। पेट्रोल और डीजल के वाहनों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। इसकी जगह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करें।
एएसए के पूर्व अध्यक्ष डा. सुनील शर्मा और सचिव डा. जगत पाल सिंह ने कहा कि पौधे लगाने के साथ ही वाहनों का सीमित इस्तेमाल खुली हवा में सांस लेने के लिए जरूरी है, जिस तरह से प्रदूषण बढ़ रहा है आने वाले दिनों में समस्याएं और बढ़ेंगी। रैली में डा. एचएल राजपूत, डा. विनीत वर्मा, डा. संदीप गुप्ता, डा. भुवनेश शर्मा, डा. उत्कर्ष, ऋषि श्रीवास्तव, सोनू मौजूद रहे।
_________________________________________
नूरी दरवाजा मेट्रो स्टेशन का नाम सरदार भगत सिंह स्टेशन रखने की मांग
आगरा, 15 जून। पंजाबी सभा की महानगर अध्यक्ष सर्वप्रकाश कपूर के निवास पर हुई बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदे आजम सरदार भगत सिंह की कर्मभूमि नूरी दरवाजा मेट्रो स्टेशन का नाम सरदार भगत सिंह स्टेशन रखा जाए।
बैठक में इस मांग से केंद्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल, जिलाधिकारी, मेट्रो निर्माण से संबंधित अधिकारी गण, तथा जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखने के निर्णय लिया गया। बैठक में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस मांग पर सहमति जताई।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments