नौकरी दिलाने के नाम पर युवती के नाम से खुलवा लिए बैंक खाते और करने लगा ठगी!
आगरा, 04 मई। थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक युवती के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता का कहना है कि आरोपी रजत ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और भरोसा जीतकर उसके नाम से कई बैंक खाते खुलवा लिए। शुरुआत में युवती को यह विश्वास दिलाया गया कि इन खातों का उपयोग नौकरी से जुड़े औपचारिक कार्यों के लिए किया जाएगा, लेकिन बाद में इन खातों का इस्तेमाल अन्य लोगों से ठगी करने के लिए किया जाने लगा।
आरोप है कि आरोपी ने इन खातों के जरिए बड़ी रकम का लेन-देन किया और एटीएम कार्ड व चेकबुक का उपयोग कर पैसे निकाले।
युवती को इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह डर गई।
लगातार दबाव और मानसिक तनाव के बाद पीड़िता ने थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों के ट्रांजेक्शन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, साथ ही आरोपी की तलाश भी जारी है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments