मतदान पूरा होते ही महंगाई की मार! कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपये महंगा, "छोटू" की कीमत 261 रुपये बढ़ी
नई दिल्ली, 01 मई। पांच राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ना शुरू हो गया है। मई के पहले ही दिन महंगाई का बम फूटा। आज शुक्रवार से 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया। हालांकि घरेलू सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। लेकिन पांच किग्रा वाले छोटे सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी की गई है। मिली जानकारी के अनुसार 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 261 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई है। कीमतों में भारी उछाल ने होटल और रेस्टोरेंट चलाने वालों की टेंशन बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब पांच किलो वाला छोटू सिलेंडर 549 रुपये से बढ़कर 810 रुपये हो चुका है।
आगरा में कमर्शियल सिलेंडर 3125.5 रुपये का हो गया है। पहले यह ₹2132.5 का था। घरेलू सिलेंडर के रेट अभी ₹924.50 ही हैं।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 993 रुपये महंगा हुआ है। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर का भाव 993 रुपये बढ़ा है। कोलकाता में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 994 रुपये महंगा हो गया है।
पांच किलो वाला छोटा सिलेंडर प्रवासी मजदूर सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। अपना शहर-राज्य छोड़कर दूसरे शहरों में काम करने वाले लोग, पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स, डेली वेज वर्कर्स, छोटे दुकानदार इस सिलेंडर का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में पांच किलो वाले सिलेंडर की कीमत बढ़ने से इन लोगों की परेशानी बढ़ेंगी।
आईओसी ने कहा कि लगभग 33 करोड़ उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी (14.2 किलोग्राम के सिलेंडर) के दाम नहीं बदले गए हैं। कुल मिलाकर, पेट्रोलियम उत्पादों के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इस बीच एक मई से एलपीजी गैस सिलेंडर की 'डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड' सिस्टम को और सख्त कर दिया गया है। नए नियम के अनुसार, जब डिलीवरी करने वाला आपके घर सिलेंडर लेकर आएगा, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। यह ओटीपी दिखाए बिना डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी। अगर आपका मोबाइल नंबर गैस एजेंसी के पास अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी करने वाला ऐप के जरिए उसे रियल-टाइम में अपडेट भी कर सकेगा, जिसके बाद कोड जनरेट होगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments