धरने पर बैठे किसानों को डीएम ने मनाया, सीएम के हेलीकॉप्टर को न उतरने देने की दी थी धमकी

आगरा, 06 अप्रैल। प्रस्तावित ग्रेटर आगरा परियोजना से प्रभावित किसानों ने सोमवार को चेतावनी दी कि वे मंगलवार को मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को जमीन पर नहीं उतरने देंगे। उनका आरोप है कि पूर्व के मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद किसानों को पर्याप्त मुआवजा नहीं दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नाराज किसानों ने ग्राम मनोहरपुर के निकट धरना शुरू कर दिया। हालांकि बाद में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। 
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को यहां रायपुर रहनकलां में ग्रेटर आगरा परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करने आ रहे हैं। 
खबरों के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा विंग के मंडल अध्यक्ष विपिन यादव और किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में दर्जनभर गांवों के किसान गांव मनोहरपुर के पास एकत्र हुए। उनका आरोप था कि उनकी समस्याओं को लेकर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा, जिसके चलते बैठक धरने में बदल गई। किसान नेता विपिन यादव ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री का उड़नखटोला रोकने का प्रयास किया जाएगा।
धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार हरि लाल चौधरी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मौली मौके पर आकर वार्ता नहीं करतीं और मुख्यमंत्री से मिलने का समय तय नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। इसके बाद एत्मादपुर के एसडीएम सुमित कुमार सिंह व एसीपी देवेश कुमार माैके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की बात फोन पर जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी से कराई। उन्होंने किसानों को मुआवजे के लिए आश्वस्त किया कि सरकार किसानों की हर बात मानने को तैयार है। इसके बाद प्रभावित किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। 
धरने में श्यामवीर यादव, राज कुमार, देवेंद्र कुमार, पंकज शर्मा, श्याम, अशोक, भूप सिंह, राजकुमार पंडित, बहादुर सिंह, गयाप्रसाद, रवि तोमर, आशीष सहित कई किसान मौजूद रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments