दिल्ली पब्लिक स्कूल के हमलावर छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस को टूटे दांतों की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट सौंपी
आगरा, 28 अप्रैल। दिल्ली पब्लिक स्कूल के शास्त्रीपुरम स्थित परिसर में छात्र पिटाई के मामले में थाना सिकंदरा में आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित के पिता पियूष मल्होत्रा द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि विगत 25 अप्रैल को उनके बेटे दसवीं के छात्र विश्वजीत मल्होत्रा को स्कूल के ही एक छात्र ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसके तीन दांत जड़ से उखड़ गए और जबड़े में फ्रैक्चर हो गया। जबड़े में फ्रैक्चर और दांत टूटने के कारण वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है।
घायल छात्र का इलाज यथार्थ हॉस्पिटल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसे कम से कम तीन महीने तक सामान्य भोजन करना संभव नहीं होगा, जिससे उसकी पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
बोलने में असमर्थ विश्वजीत ने अपने पिता को लिखकर बताया कि आरोपी छात्र ने उसे लगातार कई घूंसे मारे, जिससे वह बेसुध हो गया। पुलिस को साक्ष्य के तौर पर टूटे दांतों की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments