दयालबाग में पुष्पांजलि हाइट्स के फ्लैट में लगी आग, मचा हड़कम्प
आगरा, 28 अप्रैल। शाम होते-होते शहर में अग्निकांड की एक और घटना हो गई। दयालबाग स्थित बहुमंजिला इमारत पुष्पांजलि हाइट्स के फ्लैट में आग लग गई। इससे सोसायटी में रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
यह आग शाम करीब साढ़े छह बजे पुष्पांजलि हाइट्स के पर्ल ब्लॉक में 11वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी। लोगों ने धुआं उठते देखा तो शोर मचाया। शीघ्र ही सोसायटी के लोग इकट्ठे हो गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर अपनी टीम और दमकल के साथ पहुंच गए।
बिल्डिंग में अग्निशमन उपकरण लगे हुए थे, लेकिन निवासियों को उन्हें चलाना नहीं आता था। दमकल कर्मियों ने बिल्डिंग के फायर फाइटिंग उपकरणों का प्रयोग करते हुए फ्लैट में आग पर करीब आधे घंटे में काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद सोसायटी के निवासियों और स्टाफ को उन्होंने फायर फाइटिंग उपकरण चलाने का प्रशिक्षण भी दिया।
बताया गया है कि फ्लैट लंबे समय से बंद पड़ा है और उसमें कबाड़ भरा पड़ा था। आग ने कबाड़ पूरी तरह स्वाहा हो गया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments