आगरा में योगी बोले- युद्ध के कारण हर देश में महंगाई, लेकिन भारत में नियंत्रित || ग्रेटर आगरा टाउनशिप परियोजनाओं का किया शिलान्यास, ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर बसाएंगे
आगरा, 07 अप्रैल। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां भाजपा शासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध से दूसरे देशों में कहीं तबाही और कहीं महंगाई है, लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रण में है। अमेरिका में पेट्रोल के दाम चार गुना, पाकिस्तान तबाह है। भारत में उत्पाद कर कम कर दाम नहीं बढ़ने दिए गए।
मुख्यमंत्री यहां रायपुर रहनकलां में 6777 करोड़ रुपये की ग्रेटर आगरा टाउनशिप परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर ग्रेटर आगरा बसेगा, जो स्मार्ट होनेे के साथ सुरक्षित भी होगा।
उन्होंने कहा कि यमुना मैया की कृपा अब यहां दस नदियों के नाम पर टाउनशिप आ रही हैं। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में यह प्रस्ताव आया था, इसे साकार रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, आपने हमें सभी चुनाव जिताए तो मेट्रो ट्रेन आई। वर्ष के अंत तक एयरपोर्ट में सिविल टर्मिनल भी मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे शिवाजी स्मारक, म्यूजियम, मेट्रो के द्वितीय चरण के उद्घाटन के लिए फिर आएंगे।
केंद्र और प्रदेश में भाजपा शासन की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म कर आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोंकी। आज एक विधान है और देश समृद्धि की नई ऊंचाई को प्राप्त करने के साथ विरासत का संरक्षण कर रहा है।
योगी ने कहा कि सरकार ने मथुरा और अयोध्या, सम्भल को उसका गौरव लौटाया। पिछली सरकारें माफिया पालती थीं, भाजपा सरकार ने माफियाओं के कलंक को मिट्टी में मिलाया। डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया को नेतृत्व देता हुआ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री योगी कार्यक्रम स्थल पर कुछ देरी से पहुंचे इसका जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आधे रास्ते से वापस लौटना पड़ा। मौसम खराब हो जाने की वजह से दोपहर 3:30 बजे तक आगरा एयरपोर्ट पर ठहरना पड़ा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments