आंधी में एमडी जैन कॉलेज गेट का ढांचा और पंचकुइयां पर यूनीपोल गिरा, बड़े हादसे टले
आगरा। शहर में मंगलवार की दोपहर चली आंधी और हल्की बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। आंधी में होर्डिंग और यूनिपोल गिर पड़े, तो कई जगह पेड़ भी टूटकर सड़कों पर आ गिरे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों में दहशत फैल गई।
आंधी की चपेट में आकर हरिपर्वत चौराहे के निकट स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज के बाहर शादी समारोह के लिए लगाया गया सजावटी गेट का लोहे का ढांचा गिर पड़ा। घटना के वक्त वहां एक ऑटो खड़ा था, जो इस ढांचे के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं मिली।
पंचकुइया चौराहे पर आंधी के चलते नगर निगम का यूनिपोल भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि यूनिपोल के नीचे ठेला लगाकर बैठी महिला चंद्रवती बाल-बाल बच गई। हालांकि यूनिपोल सीधे उसके ठेले पर गिरा, जिससे ठेले पर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
शहर के कई अन्य हिस्सों से पेड़ टूटकर सड़कों पर गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात बाधित होने जैसी सूचनाएं सामने आईं। दोपहर के समय अचानक तेज हवाओं के कारण लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को खासतौर पर परेशानी उठानी पड़ी।
खराब मौसम के कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर भी अफरातफरी का माहौल बन गया। तेज हवा और अचानक बदले मौसम ने आयोजन व्यवस्था को कुछ देर के लिए असंतुलित कर दिया। हालांकि प्रशासन और आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया।
नगर निगम के ढांचे, अस्थायी सजावट, खुले में लगे बड़े विज्ञापन बोर्ड और कमजोर पेड़ों की स्थिति अब सवालों के घेरे में है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments