फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत ने आगरा की मेयर पर कसा तंज- "ये लोग पढ़े-लिखे नहीं हैं क्या?"

आगरा, 16 अप्रैल। अपने बेबाक बोलों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली हिंदी सिनेमा जगत की अभिनेत्री राखी सावंत ने आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा पर तंज कसते हुए पूछा है कि क्या मेयर पढ़ी-लिखी नहीं हैं?
राखी सावंत मुंबई में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि आगरा की मेयर को भोसले और घोसले में अंतर नहीं पता? भोसले कितना बड़ा परिवार है। आशा भोसले कितना बड़ा नाम है। ये लोग पढ़े-लिखे नहीं हैं क्या? राखी सावंत की यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा का मशहूर गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वे आशा भोसले को घोंसले कहते दिख रही थीं। मेयर ने रविवार को नारी वंदन कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता की। इसमें उन्होंने गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए दो बार गलत नाम लिया। 47 सेकेंड के वीडियो में मेयर सबसे पहले हंसते हुए अपने साथियों से पूछती हैं कि आशा भोसले सिंगर थीं न? हां में जवाब मिलने के बाद वह हसंते हुए कहती हैं कि मैं भूल जाती हूं। इसके बाद वे कहती हैं कि श्रीमती आशा घोसले आज गोलोकवासी हो गई हैं। संगीत के क्षेत्र में देश को बड़ी क्षति हुई है। मैं आगरा और बीजेपी की ओर से अपनी बहन आशा घोसले जी को श्रद्धासुमन अर्पित करती हूं। 
इस बयान को लेकर मेयर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने जमकर तंज कसा। एक ने मेयर को टैग करते हुए लिखा- यह कौन हैं, हम इन्हें नहीं जानते।
इसके बाद महापौर ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक वीडियो अपलोड किया। उन्होंने लिखा कि जो वीडियो वायरल किया गया है वो फेक है। उसमें छेड़छाड़ की गई है। कुछ व्यूज और लाइक के लिए मेरी छवि को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसके साथ उन्होंने एक और वीडियो पोस्ट किया।
इस पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यूजर बोले- मैडम, गलती मान लो। एक यूजर ने लिखा कि सामान्य बात- गलती किसी से भी हो सकती है। गलती होने पर स्वीकार कर लेनी चाहिए। क्षमा याचना भी कर लेनी चाहिए। मगर, गलती को छिपाने के लिए दूसरी गलती करना तो और भी गलत है। दूसरे यूजर ने लिखा कि एडिट तो ये वीडियो है। साफ दिख रहा है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि क्या जमाना आ गया है। एडिटेड वीडियो को ओरिजनल बताया जा रहा है। ओरिजनल को एडिटेड। भगवान कहा है तू। 
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments