चलती बस में युवती ने "एक्स" पर मांगी मदद, आगरा पुलिस का त्वरित एक्शन, छेड़छाड़ करने वाले चार युवक दबोचे
आगरा, 28 अप्रैल। कानपुर से अहमदाबाद जा रही बस में कुछ दबंगों ने 18 वर्षीय युवती और एक महिला के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट भी की, लेकिन आगरा पुलिस की सतर्कता और सोशल मीडिया की ताकत ने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
कानपुर-अहमदाबाद रूट की बस में सवार चार युवकों ने युवती और महिला पर फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ की। जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स" पर आगरा पुलिस को टैग करते हुए मदद मांगी। युवती ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि बस में सवार कुछ युवक उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और नामनेर चौराहे पर बस को रुकवाकर मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने बस में सवार संदिग्ध युवकों को नीचे उतारकर हिरासत में लिया और युवती को भी सुरक्षित थाने ले जाया गया। थाना रकाबगंज प्रभारी निशामक त्यागी के अनुसार, चार युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। आरोपियों ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई छेड़छाड़ नहीं की, बल्कि बस में अचानक ब्रेक लगने के कारण उनका शरीर युवती से टकरा गया था।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक जयपुर जा रहे थे और पेशे से कुक हैं।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments