तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को उड़ाया, एक की मौत, दूसरा नाजुक हालत में दिल्ली ले जाया गया

आगरा, 29 अप्रैल। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बिचपुरी पोस्ट ऑफिस के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 11 बजे हुए इस हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, लेकिन उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान थाना किरावली क्षेत्र के कस्बा मिढ़ाकुर निवासी 27 वर्षीय हेमंत पुत्र सतेंद्र उर्फ गुड्डू के रूप में हुई। वह अपने साथी आकाश शर्मा के साथ बिचपुरी से वापस घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल आकाश शर्मा को पहले स्थानीय उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नई दिल्ली स्थित एम्स ले गए। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक हेमंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हेमंत अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं। उसने हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटा था। अपने सपनों को साकार करने के लिए वह दिल्ली में रहकर जर्मन भाषा का प्रशिक्षण भी ले चुका था। पिता सतेंद्र खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments