पशु क्रूरता मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं करती पुलिस, डीसीपी से की शिकायत
आगरा, 29 अप्रैल। पशु क्रूरता के मामलों को लेकर एस.पी.सी.ए. आगरा की सदस्य और कैस्पर्स होम ट्रस्ट की संचालिका विनीता अरोड़ा ने बुधवार को डीसीपी सिटी को ज्ञापन देकर थानों में एफआईआर दर्ज नहीं होने की शिकायत की।
विनीता अरोड़ा ने आरोप लगाया है कि थाना एत्मादुद्दौला, सिकंदरा और न्यू आगरा क्षेत्र में पशु क्रूरता के कम से कम चार गंभीर मामलों में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि एसपीसीए और नगर निगम की ओर से दिए गए आधिकारिक आवेदनों के बावजूद मामलों को या तो लंबित रखा गया या शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाकर वापस करवा दिया गया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि थाना एत्मादुद्दौला के प्रभारी द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अशिष्ट व्यवहार किया गया। आरोप है कि पिल्ले को जलाने और घायल पालतू कुत्ते को जंगल में फेंकने जैसे गंभीर मामलों में भी पुलिस ने सहयोग करने से इनकार कर दिया, जिससे पशु संरक्षण कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
विनीता अरोड़ा ने कहा कि शहर में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। नगर निगम के ड्राइवरों से मारपीट, एबीसी स्टाफ पर हमले, सामुदायिक कुत्तों को जबरन हटाना, पालतू कुत्तों को जंगल में छोड़ना और फीडर्स को प्रताड़ित करने जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इससे न केवल पशु, बल्कि उनके संरक्षण में लगे लोग भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
शिकायत के बाद डीसीपी सिटी ने आश्वासन दिया है कि जिन-जिन थानों में पशु क्रूरता के मामले लंबित हैं, उनका संज्ञान लेते हुए शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान जितेंद्र दायपुरिया, विशाल सैनी, अपूर्व शर्मा और अनिरुद्ध तोमर भी मौजूद रहे।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments