भू-स्वामी को पता ही नहीं! उसकी जमीन बेचने की कर ली तैयारी, कूटरचित दस्तावेज, फर्जी आधारकार्ड पैनकार्ड भी बना लिए
आगरा, 30 अप्रैल। थाना सदर बाजार पुलिस ने तीन ऐसे अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जो एक भू-स्वामी की जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का प्रयास कर रहे थे। अभियुक्तों ने जमीन के कूटरचित दस्तावेज, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि तैयार कर लिए थे और खरीददार को झांसे में लेकर बड़ा चूना लगाने की तैयारी कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सदर बाजार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति एक भू-स्वामी की जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने संबंधित भू-स्वामी से संपर्क किया, जिसने स्पष्ट किया कि उसने अपनी जमीन नहीं बेची है और कुछ लोग फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने तीन संदिग्धों गजेंद्र चौधरी उर्फ भोला, किशनवीर और ओमवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि तीनों अभियुक्तों ने मिलकर भू-स्वामी के नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने की साजिश रची थी।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो फर्जी आधार कार्ड, एक फर्जी पैन कार्ड, एक फर्जी पैन कार्ड की छायाप्रति तथा खसरा-खतौनी (अप्रमाणित प्रति) बरामद की। बरामद दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को जानकारी दी कि गिरफ्तार अभियुक्तों के गजेंद्र चौधरी उर्फ भोला पुत्र ब्रजेश सिंह ग्राम बिजौरा, थाना फरह, जनपद मथुरा का निवासी है जबकि किशनवीर पुत्र भूपेंद्र सिंह, ग्राम मुंडेरा, थाना मलपुरा और ओमवीर पुत्र जनम सिंह, गढ़मुक्तेश्वर, थाना कागारोल क्षेत्र का निवासी है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments