युवती शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो घर से खींच ले गया युवक!
आगरा, 29 अप्रैल। थाना एत्मादद्दौला क्षेत्र में युवती के शादी से इनकार करने पर एक युवक ने सारी हदें पार कर दीं। वह युवती के घर में घुसा और उसे जबरन घसीटते हुए उठा ले गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना गौतम नगर की है। पीड़िता की मां के अनुसार, परवेज नामक युवक काफी समय से उनकी बड़ी बेटी को परेशान कर रहा था। वह रास्ते में छेड़छाड़ करता और शादी के लिए दबाव बनाता था। कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोप है कि मंगलवार 28 अप्रैल को आरोपी अपने माता-पिता के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने लगा। परिवार ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रात करीब नौ बजे परवेज दोबारा घर पहुंचा और जबरदस्ती युवती को उठाकर ले जाने लगा।
इस दौरान छोटी बहन ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की। उसने बहन का हाथ पकड़कर खींचा, लेकिन आरोपी ने दोनों को घसीटते हुए बाहर तक ले गया। मां और बहन चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन किसी ने मदद के लिए आगे कदम नहीं बढ़ाया। आरोपी युवती को करीब आठ किलोमीटर दूर कुबेरपुर तक ले गया। पीड़िता के मुताबिक, वहां उसे मारपीट करते हुए करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद युवती किसी तरह घर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments