आगरा में नाव संचालकों पर होगी सख्ती, लेना होगा लाइसेंस

आगरा, 15 अप्रैल। पड़ोसी जनपद मथुरा में हुए नाव हादसे में पंद्रह लोगों के मारे जाने के बाद आगरा का प्रशासन भी ऐहतियात बरत रहा है। जिला प्रशासन ने तय किया है कि ताजनगरी में भी नाव संचालन के लिए लाइसेंस लेना होगा। 
इस निर्णय के अनुसार, बिना लाइसेंस लिए नदी में नाव नहीं उतारी जा सकेगी। नियम का पालन न करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है। प्रशासन नदी में नावों की संख्या भी निर्धारित करेगा।
मथुरा से लेकर बटेश्वर तक कितनी नावें यमुना नदी में चल रही हैं, किन-किन स्थानों से संचालित होती हैं, उनमें कितने लोगों को बैठाने की क्षमता है और कहां से कहां तक ले जाती हैं, मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने इसकी जानकारी एकत्र करने के निर्देश दिए हैं।
घाटों पर चेक प्वाइंट का भी बनाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि यह जानकारी रह सके कि नाव संचालक कितने लोगों को बैठा रहा है, कहीं क्षमता से अधिक सवारी तो नहीं है। नाव के अंदर कितना सामान ले जाने की अनुमति दी जाए, इस पर भी विचार किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बात कर ब्लूप्रिंट तैयार करने का विचार है, ताकि भविष्य में वृन्दावन जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments