कानपुर की फल मंडी में भीषण अग्निकांड, बीस दुकानें और घर आग की भेंट चढ़े

कानपुर, 06 अप्रैल। जिले की फूलबाग फल मंडी में सोमवार की शाम करीब पौने छह बजे को भीषण अग्निकांड हो जाने से बीस से ज्यादा दुकानें और घर जलकर खाक हो गए। फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन दमकलें मौके पर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फूलबाग मंडी में फल और सब्जी बेचने वाले कई परिवार रहते भी हैं। लोगों का कहना है कि शाम के समय टिन शेड के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से अचानक चिंगारी निकली, जिससे आग लग गई। आग फैलने के दौरान दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो जाने से स्थिति और गंभीर हो गई। आग की लपटें 30-40 फीट तक ऊंची उठती देखी गईं। लगभग चालीस मिनट के भीतर बीस दुकानें और घर जलकर खाक हो गईं।
अफरा-तफरी के बीच कई थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच कर फल मंडी को खाली कराया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ओईएफ के ठीक बगल में आग लगी। कई टीमों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया है। रात साढ़े आठ बजे तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि एक सब्जी विक्रेता के हाथ झुलस जाने की खबर है।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments