Agra News: खबरें आगरा की...
व्यापारी पेंशन की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान शुरू
आगरा, 06 अप्रैल। आगरा मण्डल व्यापार संगठन ने सोमवार को बेलनगंज तिकोनिया पार्क पर शिविर लगाकर व्यापारी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की। बड़ी संख्या में व्यापारी बन्धुओं ने पोस्टकार्ड पर अपने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री के नाम संदेश लिखा।
इस अवसर पर संगठन ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे इस मुद्दे को प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर भी डालें। इस योजना को व्यापक रूप दिया जाये और सरकार के कानों तक पहुँचाया जाये। शिविर में अशोक अग्रवाल, गिरीश गोयल, पवन बंसल, त्रिलोकचंद शर्मा, राजेश अग्रवाल, दिनेश चंद्र जैन, प्रदीप लूथरा, राजेश अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल समेत अनेक लोग शामिल थे।
________________________________________
वनबंधु परिषद ने की मुरैना की वनयात्रा
आगरा, 06 अप्रैल। वन बंधु परिषद, आगरा चैप्टर द्वारा रविवार को भिंड मेहगांव के अंचल मुरैना में एकदिवसीय वन यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें 32 सदस्य सम्मिलित थे।
पदाधिकारियों ने एकल अभियान आगरा द्वारा सच मेहगांव के ग्राम मुस्तरा और रेंका में संचालित 2 एकल विद्यालय का भ्रमण किया। दोनों विद्यालयों में ग्राम समिति ने सभी का माला व पटका एवं बच्चों ने गीत व हनुमान चालीसा गाकर स्वागत किया। साथ ही आगरा से गए सदस्यों ने ग्राम समिति व कार्यकर्ताओं को शॉल पहनाकर सम्मानित किया और आचार्य व उनकी मां का बैग और चुनरी पहनाकर सम्मान किया। स्कूल के सभी बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, बिस्कुट, फ्रूटी, नमकीन आदि उपहार भेंट किया। वनयात्रा में अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार सिंघल, सचिव जगदीश प्रसाद बसल, उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, सलिल गोयल, मुकेश मित्तल, कपिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, गिरिराज सारन जैन, बीडी जैन गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो वंदना अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, उषा गोयल, मंजू सिंघल, प्रसूम बंसल, रामेंद्र सिंह मौजूद रहे।
________________________________________
नौका में मां यमुना की आरती
आगरा, 06 अप्रैल। सिकंदरा के निकट कैलाश मंदिर में सोमवार को नौका में खड़े होकर मां यमुना की आरती की गई। मंदिर के महंत गौरव गिरी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ।
उनके साथ महंत संतोष गिरी, सागर गिरी, विशेष गिरी, धर्मेश गिरी, प्रेम बाबा डॉ. मदन मोहन शर्मा, विधायक शर्मा, नकुल सारस्वत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मां यमुना के जयघोष एवं मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंज उठा।
________________________________________
शैक्षिक विकास में अभिभावकों की भूमिका बताई
आगरा, 06 अप्रैल। स्वामी लीला शाह सरस्वती विद्या मंदिर सोरों कटरा सोमवार को अभिभावक प्रबोधन कार्यशाला में शैक्षिक विकास में अभिभावकों की भूमिका से अवगत कराया गया।
मुख्य वक्ता भावना वरदान शर्मा ने कहा कि छात्रों के शैक्षणिक विकास के तीन महत्वपूर्ण चरण सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक होते हैं। जिन पर प्रत्येक अभिभावक को ध्यान देने की आवश्यकता है। छात्रों की शैक्षिक यात्रा में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है जो उनको व्यवहारिक ज्ञान ,नैतिक मूल्य, सामाजिक और शैक्षिक ज्ञान देने में सहायक होते हैं। अभिभावकों को विद्यालय के साथ तालमेल बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्ष दीपा गोस्वामी ने कहा कि माताएं अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और उन्हें अच्छे संस्कार देकर अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिराज दीक्षित और हेमलता ने सभी का स्वागत किया। अतिथियों में लक्ष्मी माहौर और सुशी श्रीवास्तव भी उपस्थित रही।
________________________________________
‘जनतंत्र में शिक्षा शास्त्र’ विषय पर हुआ गहन मंथन
आगरा, 06 अप्रैल। स्वतंत्रता सेनानी महादेव नारायण टंडन की 23वीं पुण्यतिथि पर आयोजित स्मृति व्याख्यान में ‘जनतंत्र में शिक्षा शास्त्र’ विषय पर गहन मंथन हुआ। माथुर वैश्य सभागार, पचकुइयां में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अपूर्वानंद ने कहा कि शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान नहीं, बल्कि सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय दृष्टिकोण विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का लक्ष्य ऐसे नागरिक तैयार करना होना चाहिए जो सवाल कर सकें, सोच सकें और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करें। रटने की प्रवृत्ति को उन्होंने शिक्षा के पतन का कारण बताया।
मुख्य अतिथि अपूर्वानंद को स्मृति चिह्न ब्रिजेंद्र नारायण टंडन द्वारा भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरीश चिमटी ने किया। इससे पहले एसएन मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. जी. यू. कुरैशी, अपूर्वानंद, पूरन सिंह और भावना जितेंद्र रघुवंशी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विषय प्रवर्तन डॉ जे. एन. टंडन ने और आभार पूरन सिंह ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में दिल्ली से आए बलराम शर्मा की उपस्थिति विशेष रही।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments