पूजा करने पहुंची महिला की मंदिर के घंटे को छूते ही चली गई जान

आगरा, 06 अप्रैल। जिले के थाना इरादतनगर क्षेत्र के दारापुरा गांव में मंदिर में पूजा करने पहुंची महिला वहां लटक रहे घंटे को छूते ही करंट खाकर गिर पड़ी और उसके प्राण-पखेरू उड़ गए। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा मंदिर के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन के कारण हुआ। 11000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन नीचे झुकने के कारण मंदिर की बुर्जी में लगे त्रिशूल से छू गई। फलस्वरूप त्रिशूल की सरिया में लोहे की जंजीर से बंधे घंटे में करंट फैल गया। 
इसी दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंची 49 वर्षीय पुष्पा पत्नी नीरज बाबू ने जब घंटा छुआ तो वह करंट की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
लोगों का कहना है कि यह विद्युत लाइन काफी समय से मंदिर के पास से गुजर रही थी और इससे अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। लापरवाह विद्युत कर्मियों ने समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया और महिला की जान चली गई। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments