दीवानी की पार्किंग में खड़ी कार में आग, एसएसएफ जवान ने बुझाई, कमलानगर में भी सड़क किनारे खड़ी कार में लगी आग

आगरा, 09 मार्च। शहर में सोमवार को दो स्थानों पर वाहनों में आग लगने की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में दीवानी परिसर और कमलानगर में कारें आग की चपेट में आ गईं।
पहली घटना में जनपद न्यायालय दीवानी परिसर में दोपहर को पार्किंग में पड़े कूड़े में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते एक अधिवक्ता की कार को अपनी चपेट में ले लिया। दीवानी की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ के जवान राहुल सारस्वत ने जब आग फैलती देखी तो तुरंत पहुंचकर आग बुझाना शुरू कर दिया। उन्होंने उपभोक्ता फोरम न्यायालय कक्ष में मौजूद पानी में कम्बल को भिगोकर आग बुझाना शुरू किया और फिर बाल्टियों से पानी डाला। इस दौरान उन्होंने कार को धक्का देकर अन्य कारों से दूर कर दिया। आग में कार का एक ओर का टायर और पेट्रोल टैंक के निकट का हिस्सा जल गया। 
राहुल सारस्वत की सक्रियता से अन्य कारें आग की चपेट में आने से बच गईं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग को बुझा लिया गया। घटना का दुःखद पहलू यह रहा कि आग लगने के दौरान अनेक लोग मदद करने के बजाय अपने-अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग में लगे रहे।
आग लगने की दूसरी घटना थाना कमलानगर क्षेत्र में हुई। खबरों के अनुसार, कमला नगर निवासी कृष्ण पचौरी अपनी लाल रंग की आल्टो कार से किसी परिचित से मिलने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उन्हें कार की वायरिंग से जलने जैसी बदबू आने लगी। आशंका होने पर उन्होंने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और एहतियातन कार से नीचे उतर गए। इसके बाद वे पास से किसी मिस्त्री को बुलाने के लिए चले गए। जैसे ही कृष्ण पचौरी वहां से गए, थोड़ी ही देर में खड़ी कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें पूरी कार में फैल गईं और गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। कुछ देर बाद जब कृष्ण पचौरी मिस्त्री के साथ वापस लौटे तो उन्होंने अपनी कार को आग की लपटों में घिरा पाया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments