आगरा के व्यवसायी स्व-निर्धारण कर अधिक जमा कर रहे, जबकि जरूरत अग्रिम कर अधिक जमा करने की- अपर्णा करण
आगरा, 10 मार्च। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, कानपुर अपर्णा करण ने मंगलवार को यहां कहा कि शहर के व्यवसायी अग्रिम टैक्स की अपेक्षा स्व-निर्धारण कर अधिक जमा कर रहे हैं, जबकि आवश्यकता अधिक अग्रिम कर जमा करने की है।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त संजय प्लेस स्थित आयकर कार्यालय में आउटरीच कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने ताजनगरी के व्यवसायियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अपील की कि स्व-निर्धारण कर की अपेक्षा अग्रिम कर जमा कराना सुनिश्चत करें, जिससे देश भविष्य की योजनाओं को साकार रूप दे सके।
इसके अलावा उन्होंने स्त्रोत पर कर (TDS) की कटौती सही प्रकार करने एवं उसे समयानुसार सरकारी खाते में जमा कराने की अपील भी की। साथ ही उन्होंने कहा कि करदाता सेवाओं में आने वाली समस्याओं के निस्तारण में विभाग पूरा सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में प्रधान आयकर आयुक्त, कानपुर श्योदान सिंह भदौरिया ने भी करदाता सेवाओं पर संबोधन किया।
इससे पहले प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, कानपुर, अपर्णा करण, प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा अनुपम कांत गर्ग एवं प्रधान आयकर आयुक्त, कानपुर श्योदान सिंह भदौरिया द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
अपर आयकर आयुक्त शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने अग्रिम कर भुगतान के संबंध में, अपर आयकर आयुक्त हर्ष सिद्धार्थ गौतम ने करदाता सेवाओं के संबंध में आंकड़ों का विश्लेषण ग्राफिक रूप से किया।
अजय कुमार दुबे, सहायक आयकर आयुक्त, श्री दिलीप गुप्ता एवं श्री अखिल श्रीवास्तव, आयकर निरीक्षकों द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में आगरा शहर के विभिन्न व्यवसायियों, सी.ए. एसोसिएशन एवं बार कांउसिल के पदाधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं की तरफ से अनिल वर्मा, संजय गोयल, सौरभ सक्सेना, प्रार्थना जालान, पंकज मिश्रा, राकेश अग्रवाल आदि तथा आयकर विभाग की ओर से राजेश गुप्ता, अपर आयकर आयुक्त, आलोक जैन एवं एसएस लोहान, उपायुक्त आयकर, अजय कुमार दुबे, सहायक आयकर आयुक्त, लोकेश उप्रेती, अतुल चतुर्वेदी, सुशील कुमार, गजेन्द्र सिंह, सत्येन्द्र शाह, संतोष मीना, आयकर अधिकारीगण दिलीप गुप्ता, संतोष केसरी, अखिल श्रीवास्तव, आयकर निरीक्षकगण एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तरूण सिंह सैनी, आयकर अधिकारी द्वारा किया गया।
___________________________________
Post a Comment
0 Comments