युवती ने बनाया ‘आत्महत्या’ का नकली वीडियो, मेटा ने किया अलर्ट तो दौड़ पड़ी आगरा पुलिस

आगरा, 05 मार्च। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में एक युवती द्वारा आत्महत्या का फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया।  हालांकि, फेसबुक और इंस्टाग्राम संचालित करने वाले मेटा प्लेटफॉर्म्स द्वारा लिए त्वरित अलर्ट और आगरा पुलिस की तुरंत कार्रवाई ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया।
खबरों के मुताबिक, ‘मेटा’ की ओर से आगरा पुलिस को एक वीडियो का अलर्ट मिला, जिसमें एक युवती आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाती नजर आ रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस को लोकेशन पर रवाना किया गया।
जब पुलिस बताए गए पते पर पहुंची, तो युवती पूरी तरह सुरक्षित मिली। पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने केवल अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह नाटक रचा था। उसका उद्देश्य लोगों का ध्यान खींचना और वीडियो को वायरल करना था।
पुलिस ने युवती की इस हरकत को गंभीरता से लेते हुए उसकी काउंसलिंग की। उसे समझाया गया कि इस तरह के फर्जी वीडियो न केवल समाज में दहशत फैलाते हैं, बल्कि पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के संसाधनों की भारी बर्बादी भी करते हैं। इस वीडियो के लिए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस ने युवती को इस सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया कि भविष्य में इस तरह की भ्रामक सामग्री पोस्ट डालने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments