बजट की इस घोषणा से धड़ाम हुआ शेयर बाजार!

नई दिल्ली/मुम्बई, 01 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के रविवार को संसद में बजट भाषण के दौरान एक घोषणा से शेयर बाजार में चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। बजट के लिए रखे गए स्पेशल ट्रेडिंग सेशन में दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 2,370.36 अंक या 2.88 परसेंट की भारी गिरावट आई और यह 80,000 अंक के स्तर से नीचे टूटकर 79,899.42 अंक पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 748.9 अंक या 2.95 परसेंट की गिरावट के साथ 24,571.75 अंक पर आ गया।
दरअसल, अपने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फ्यूचर ट्रेड पर एसटीटी को 0.02 परसेंट से बढ़ाकर 0.05 परसेंट करने का ऐलान किया। इसके अलावा, उन्होंने ऑप्शंस प्रीमियम पर एसटीटी को 0.1 परसेंट से बढ़ाकर 0.15 परसेंट करने का प्रस्ताव दिया। 
वित्त मंत्री ने कहा कि सभी कैटेगरी के शेयर होल्डर्स के लिए बायबैक से मिलने वाली रकम पर अब कैपिटल गेन्स टैक्स लगेगा। इस कदम से बायबैक के टैक्स ट्रीटमेंट में एकरूपता आएगी और इसका मकसद टैक्स आर्बिट्रेज को रोकना है।
इसका शेयर बाजार पर बुरा असर पड़ा। ब्रॉडर मार्केट भी निचले स्तर पर ट्रेड करते दिखे। निफ्टी मिडकैप 100 में 2.7 परसेंट की गिरावट आई और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 3.4 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में 6.50 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इटर्नल के शेयर भी नुकसान में रहे।  जबकि सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर मुनाफे में रहे।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments