महाभारत के "कर्ण" पंकज धीर का निधन, फिल्मों में भी अपने अभिनय से किया था प्रभावित

मुंबई, 15 अक्टूबर। टीवी धारावाहिक महाभारत में कर्ण का अभिनय कर चर्चित हुए जाने-माने अभिनेता पंकज धीर का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 68 वर्ष की आयु में उन्होंने आखिरी सांस ली। 
निर्देशक बी आर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण की यादगार भूमिका के अलावा टीवी ही नहीं बल्कि फिल्मों में भी उन्होंने बतौर अभिनेता काम किया था। उनके निधन की खबर से हर कोई हैरान और सदमे में है। 
खबरों के मुताबिक वह लम्बे समय से कैंसर से पीड़ित थे। इलाज के बावजूद उनकी तबीयत में कोई सुधार देखने को नहीं मिला।
महाभारत टीवी शो में अर्जुन की भूमिका निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने भी पंकज धीर की मौत की पुष्टि की। पंकज और फिरोज असल जिंदगी में काफी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। अपने दोस्त की मौत के गम पर फिरोज ने सोशल मीडिया पर एक लेटेस्ट पोस्ट शेयर किया और लिखा- अलविदा मेरे दोस्त हम आपको काफी याद करेंगे।
सिंटा (CINTAA) के पू्र्व महासचिव रहे पंकज धीर का अंतिम संस्कार की तरफ तो बुधवार की ही शाम 4:30 बजे पवन हंस के करीब विले पार्ले, वेस्ट मुंबई में किया जाएगा।
पंकज धीर ने कई हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया। उन्हें चंद्रकांता, युग, द ग्रेट मराठा और बढ़ो बहू जैसे शोज में देखा गया। वे आशिक आवारा, सड़क, सोल्जर और बादशाह जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। पंकज के बेटे निकितिन धीर भी एक्टर हैं। निकितिन की शादी एक्ट्रेस कृतिका सेंगर से हुई है। पंकज धीर के पिता सी.एल. धीर एक डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। सीएल धीर ने 60 और 70 के दशक में कई फिल्मों में काम किया।
पंकज धीर को महाभारत में कर्ण का रोल निभाने से की पहचान मिली थी। हालांकि, शुरुआत में शो में उन्हें अर्जुन का रोल ऑफर हुआ था। उन्होंने इस किरदार के लिए ऑडिशन भी दिया था। पंकज इसके लिए तैयार थे, लेकिन कुछ सीन में महिला के गेटअप और मूंछें मुंडवाने की शर्त पर उन्होंने मना कर दिया। उनके मना करने के बाद अर्जुन का रोल फिरोज खान को दिया गया। हालांकि, फिर कुछ महीनों बाद मेकर्स ने उनसे कर्ण का रोल निभाने के लिए संपर्क किया। पंकज ने पहला सवाल किया, "मुझे मूंछें तो नहीं मुंडवानी पड़ेगी?" बी. आर. चोपड़ा ने कहा, "नहीं।" इसके बाद पंकज ने रोल के लिए सहमति दे दी थी।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments