आगरा में यमुना पांच सौ फीट से ऊपर, कैलाश मंदिर गर्भगृह में दो फीट पानी, कालोनियों, बस्तियों और गांवों में भी घुसा, बटेश्वर के मंदिर बंद, सुरक्षित स्थान तलाश रहे लोग

आगरा, 07 सितम्बर। जिले में उफना रही यमुना नदी का जलस्तर वाटर वर्क्स पर खतरे के निशान पांच सौ मीटर को पार कर गया है। यमुना किनारे की कालोनियों, बस्तियों और गांवों में पानी घुस चुका है। सिकंदरा स्थित कैलाश मंदिर के गर्भ गृह में दो फीट तक पानी है। उधर बाह तहसील के बटेश्वर स्थित मंदिरों में शनिवार को ही यमुना का पानी प्रवेश कर गया था। यहां मंदिरों को दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया गया है।
दयालबाग से लेकर एत्मादउद्दौला क्षेत्र तक यमुना किनारे बसी शहर की बीस कालोनियों में बाढ़ का घुसने लगा है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं। बल्केश्वर के निचले इलाकों के निवासियों के लिए आईटीआई बल्केश्वर में बाढ़ शरणालय की स्थापना की गई है। मनोहरपुर में यमुना से दो सौ मीटर दूर स्थित मकानों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। नालों के बैक मारने से यमुना किनारा रोड, कृष्णा कॉलोनी, मोती महल, घाट बजरिया समेत डेढ़ दर्जन कॉलोनियों तक में यमुना का पानी भर गया है।
जिला प्रशासन ने घाटों के निकट बैरीकेडिंग करा दी है। लोगों से नदी की तरफ न जाने के लिए अनुरोध किया जा रहा है। लोगों से जरूरी दस्तावेज, खाने का कुछ सामान सहित अन्य वस्तुएं अपने पास रखने की अपील की गई है। 
सिंचाई विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर दो बजे तक वाटर वर्क्स पर यमुना नदी का जलस्तर बढ़ कर 500.01 फीट हो गया। इसमें बढ़ोत्तरी जारी है। यहां अलर्ट का लेवल 496.71 फीट, खतरे का लेवल 500 फीट और हाई फ्लड लेवल 507.74 फीट पर है। 
मीडियम फ्लड लेविल से प्रभावित होने वाले ग्राम तहसील सदर में बुर्ज, नगला छीतर सिंह, मेहरा नाहरगंज, महल बादशाही, नगला तल्फी, नगल पैमा, तहसील फतेहाबाद में शाहिदपुर, वीरपुरा, बेहड़, पारौली सिकरवार, बिचौला, गिदरौन, तहसील एत्मादपुर में नगला धीमर, बढ़नुपरा, रहनकलां, नगला कटा आदि हैं।
फतेहाबाद में पुराना तनौरा गांव पूरी तरह से संपर्क विहीन हो गया है। चारों तरफ से बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण करीब एक हजार की आबादी संकट में फंसी हुई है। एत्मादपुर में गदपुरा गांव को खतरा पैदा हो गया है। गांव छोटा सुरहरा, बड़ा सुरहरा, नगला शीशीया, गढ़ी संपत्ति, रायपुर के अलावा केशोराय, रुधऊ (टूंडला), नूरपुर (डौकी) क्षेत्र के गांवों की हजारों बीघा फसल डूब गई है। सुरहरा गांव की सड़क पानी में डूब गई। खंदौली में भी बढ़ते जलस्तर के कारण लोगों की नींद उड़ गई है। लोगों ने मकानों की पहली मंजिल पर सामान रखना शुरू कर दिया है। गिजौली गांव के किनारे बने मकानों तक पानी पहुंच गया है। 
___________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments