यमुना के जलस्तर में गिरावट जारी, बढ़ोत्तरी की खबरों को विभाग ने गलत बताया || हालांकि चंबल के जलस्तर में हुई वृद्धि
आगरा, 23 अगस्त। हरियाणा के हथिनी कुण्ड बैराज और मथुरा के गोकुल बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से ताजनगरी में यमुना नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि शुक्रवार से थमने लगी है। शुक्रवार को जल स्तर गिरना शुरू हो गया था जो शनिवार को भी जारी रहा।
सिंचाई विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में यमुना नदी के जलस्तर में निरंतर गिरावट जारी है। शनिवार को यमुना का जलस्तर 151.400 से घटकर 150.915 मीटर पर आ गया है। इससे प्रशासन और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
इस बीच विभागीय सूत्रों ने शुक्रवार को यमुना के जलस्तर में बढ़ोत्तरी की कुछ समाचार पत्रों में छपी खबरों को गलत बताया और कहा कि सिंचाई विभाग निरंतर निगरानी कर रहा है। यमुना के जलस्तर में गिरावट जारी है। शुक्रवार को यमुना का जलस्तर जहां 495.9 फीट पर था वहीं, शनिवार को ये कम होकर 495.3 फीट रह गया। हालांकि यमुना का ये जलस्तर अभी भी खतरे के चेतावनी निशान से ऊपर है। आगरा में यमुना का खतरे का चेतावनी निशान 495 फीट पर है। गोकुल बैराज से अब 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके चलते जलस्तर कम हुआ है।
डरा रहा चंबल नदी का बढ़ता जलस्तर
इस बीच राजस्थान में लगातार बारिश और कोटा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण आगरा की चंबल नदी में बाढ़ के हालात बन गए हैं। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 4 मीटर ऊपर बह रहा है। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार दो दिनों में पानी हाईफ्लड लेबल को पार सकता है। फिलहाल प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। रिहायशी एरिया में पानी भर जाने से स्टीमर लगाए गए हैं। साथ ही कई विभागों को तैनात कर दिया है। बिजली की समस्या से जुझने के लिए जनरेटर की सुविधाएं दी जा रही हैं। शनिवार शाम तक चंबल नदी में जलस्तर 134 मीटर पर था। जो कि हाईफ्लड लेवल से महज 3 मीटर कम है।
नवीन जैन ने किया यमुना जलस्तर का निरीक्षण
इस बीच राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शनिवार को बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर यमुना नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया। जैन ने कहा कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से बल्केश्वर और आस-पास के इलाक़ों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी और संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करे और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
नवीन जैन ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं और बचाव उपकरणों की अग्रिम तैयारी अभी से कर ली जाए, ताकि बाढ़ जैसी परिस्थिति उत्पन्न होने पर समय बर्बाद न हो। निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र सिंह, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, अमित अग्रवाल ग्वाला जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश निषाद, गिर्राज बंसल, पवन बंसल, मंडल उपाध्यक्ष मानव कुमार, चंद्रभान कहरवार, शेलू गौतम मौजूद रहे।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments