लुटेरी दुल्हन और 25 हजार का इनामी साजिशकर्ता गिरफ्तार, शादी की रात ही दूल्हे और घरवालों को पिलाया नशीला पदार्थ, नकदी और गहने लेकर हो गई थी फरार

आगरा, 20 जुलाई। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने दो माह पहले शादी की रात ससुराल से नकदी और गहने लेकर फरार हुई दुल्हन और साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साजिशकर्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। लुटेरी दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ पिला दिया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को पुलिस ने दुल्हन अंतिमा को इरादतनगर के नगला इमली से गिरफ्तार किया। 25 वर्षीया महिला अंतिमा का असली नाम नीलू पत्नी अमित है। उसने रुपयों के लालच में यह शादी की और वारदात को अंजाम दिया। दुल्हन ने खुद को दूसरे जिले की निवासी बताया था। 
पुलिस का दावा है कि नीलू के गिरफ्तार होने की सूचना मिली तो साजिशकर्ता जयप्रकाश भागने की फिराक में घर से निकला, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 
बताया गया है कि विगत पांच मई को एत्माद्दौला के सीतानगर क्षेत्र की कुसुमा देवी के पुत्र का विवाह अन्तिमा नामक महिला से हुआ था। जयप्रकाश ने इसके लिए 1.30 लाख रुपये लिए थे। विवाह में अंतिमा के कथित बुआ, फूफा और मामा भी शामिल हुए थे। न्यू आगरा के नगला पदी स्थित एक मंदिर में रस्म होने के बाद रात में दुल्हन ने पूरे परिवार को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद नकदी और गहने लेकर फरार हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक कार से कुछ लोग उसे ले जाते दिखे थे। 
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कथित बुआ और फूफा और मामा को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दुल्हन की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी थी। साजिशकर्ता जयप्रकाश पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था।
__________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments