यमुना में डूबने से मरने वाली बालिकाओं की संख्या छह हुई, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती दो बच्चियों ने भी दमतोड़ा, योगी ने दी आर्थिक मदद

आगरा, 03 जून। थाना सिकंदरा क्षेत्र में यमुना नदी में डूबने से मरने वाली बालिकाओं की संख्या छह हो गई है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई दो बालिकाओं ने भी कुछ घंटों बाद दम तोड़ दिया। चार बालिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। खबरों के अनुसार, घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक जताया और सभी मृतक बालिकाओं के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे ग्राम नगला नाथू की एक ही परिवार की छह-सात बालिकाएं यमुना नदी में नहाने गई थीं। उसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से छह बालिकाएं डूब गईं। सभी की आयु बारह से अठारह साल तक की बताई गई है। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी छह बालिकाओं को नदी से बाहर निकाला, तब तक चार बालिकाओं की मृत्यु हो चुकी थी। दो बालिकाओं को गंभीर हालत में प्रभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ देर बाद दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृत बालिकाओं में मुस्कान (उम्र 18 वर्ष) पुत्री सुरेश कुमार निवासी नगला नाथू, संध्या (उम्र 12 वर्ष) पुत्री सुरेश कुमार निवासी नगला नाथू, दिव्या (उम्र 13 वर्ष) पुत्री सुरेश कुमार निवासी नगला नाथू, नैना (उम्र 14 वर्ष) पुत्री दिनेश निवासी नगला नाथू, शिवानी (उम्र 17 वर्ष), पुत्री सुंदरलाल निवासी नगला रामबल नरायच, सोनम (उम्र 12 वर्ष) पुत्री अशोक कुमार, निवासी नगला नेहरा, टेढ़ी बगिया शामिल हैं। इनमें से शिवानी और सोनम को अस्पताल भेजा गया था, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। शिवानी और सोनम के बारे में बताया गया कि वे रिश्तेदारी में नगला नाथू गई हुई थीं, जहां मौत ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया। इस हादसे में नगला नाथू के सुरेश कुमार की तीन बेटियों की मौत हुई।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह मौके पर पहुंच गए। ये अधिकारी अस्पताल भी पहुंचे। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण माैके पर पहुंच गए। गांव में मातम पसर गया। 
___________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments