प्रियंका गांधी को देखने रोड शो में उमड़ी भीड़
आगरा, 03 मई। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार की शाम यहां फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र में रोड शो किया। यह रोड शो बाह तिराहे से होते हुए बस स्टैंड तक चला। कार की छत पर बैठकर डेढ़ किलोमीटर तक चलीं प्रियंका को देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस 38 मिनट के रोड शो में प्रियंका लगातार जनता का अभिवादन कर रही थीं। वह कभी हाथ हिलाकर तो कभी दोनों हाथ जोड़ती नजर आईं। लोगों ने भी फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। उनके साथ इंडी गठबंधन के प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार भी मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी ने भगवान देवी इंटर कॉलेज तिराहे पर लोगों का उत्साह देखकर माइक थाम लिया। उन्होंने कहा कि रामनाथ सिकरवार देश के सबसे ईमानदार उम्मीदवार हैं। पिछली बार इन्हें आपने हरा दिया गया था। इस बार गलती मत करना।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा प्रहार करते हुए प्रियंका ने कहा कि वे जनता से कट गए हैं। मजदूर और गरीबों के आंसू पोछने नहीं आते। उनका हाल जानना नहीं आता। जबकि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक चार हजार किमी की पदयात्रा कर लोगों की समस्याएं जानी। सबसे मिलकर घोषणा पत्र तैयार किया। इसे न्याय पत्र नाम दिया गया। क्योंकि दस वर्ष में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है।
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में गारंटी दी गई है। जो गारंटी दी है वह पूरी होगी। सत्ता में आए तो नौजवानों की मदद के लिए पांच हजार करोड़ का फंड होगा। अग्निवीर भर्ती परीक्षा को रद्द करेंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पदों को भरेंगे। प्रियंका ने कहा कि समय बदलाव लाने का आ गया है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments