बिनाका गीतमाला को अर्श पर पहुंचाने वाले अमीन सयानी का निधन

मुंबई, 21 फरवरी। लगभग 42 साल तक अपने इस शानदार अंदाज और आवाज से लोगों को रेडियो का दीवाना बनाने वाले अमीन सयानी का बुधवार को मुंबई में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे।
बेटे रजिल ने बताया कि अमीन सयानी को मंगलवार शाम को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। रजिल ने कहा कि पिता का अंतिम संस्कार गुरुवार को होगा। अभी कुछ रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा है।
अमीन सयानी ने वर्ष 1952 से 1994 तक रेडियो शो गीतमाला को होस्ट किया। अमीन सयानी की वजह से इस रेडियो शो को देशभर में लोकप्रियता मिली। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमीन सयानी के निधन पर शाेक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- अमीन सयानी जी की सुनहरी आवाज में वो खूबसूरती और गर्मजोशी थी, जिसने उन्हें कई पीढ़ियों के लोगों से जोड़े रखा। अपने काम के जरिए वे भारतीय ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में क्रांति लाए और अपने श्रोताओं के साथ खास बॉन्ड बनाया। उनके जाने से दुखी हूं। उनके परिवार, चाहने वालों और सभी रेडियो प्रेमियों को सांत्वनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
21 दिसंबर 1932 को मुंबई में जन्मे अमीन मल्टीलिंगुअल फैमिली से ताल्लुक रखते थे। सयानी ने रेडियो प्रेजेंटर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो, मुंबई से की थी। उनके भाई हामिद सयानी ने उन्हें यहां इंट्रोड्यूस कराया था। दस साल तक वे इंग्लिश प्रोग्राम्स का हिस्सा रहे। आजादी के बाद उन्होंने हिंदी की ओर रुख किया। सयानी को असल पहचान दिसंबर 1952 में शुरू हुए रेडियो शो गीतमाला से मिली। सयानी का शो बिनाका गीतमाला पहले रेडियो सीलोन पर ब्रॉडकास्ट होता था। ये 30 मिनट का प्रोग्राम था। 1952 में शुरू हुआ ये शो सेंसेशन बन गया। बिनाका गीतमाला से ये सिबाका गीतमाला हुआ और बाद में हिट परेड नाम से भी ब्रॉडकास्ट हुआ, लेकिन कभी भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई। इसके बाद गीतमाला शो ऑल इंडिया रेडियो और विविध भारती पर ब्रॉडकास्ट हुआ। गीतमाला को शुरुआत से लेकर अंत तक अमीन सयानी ने ही होस्ट किया। 
गीतमाला शो रेडियो पर बुधवार रात आठ बजे ब्रॉडकास्ट होता था। आलम यह था कि हर कोई इस शो का इंतजार करता था। घर, दुकान, बाजार हर जगह लोग सयानी को सुनने के लिए बेकरार रहते थे। फिर गूंजती थी एक आवाज- बहनो और भाइयो, मैं आपका दोस्त अमीन सयानी बोल रहा हूं। और अब इस बरस बिनाका गीतमाला की वार्षिक हिट परेड का सरताज गीत। इसके बाद बिगुल की आवाज गूंजती और फिर अमीन सयानी कहते, ‘फिल्म सूरज का गाना है ये बहनो और भाइयो। इसे गाया है मोहम्मद रफी ने।’
सफलता के कारण गीतमाला शो 42 साल तक चला।
__________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments