आगरा में पूरी भव्यता से निकली राम बरात, इंद्रदेव भी रहे मेहरबान, रात डेढ़ बजे बेलनगंज पहुंचा दूल्हा राम का रथ
आगरा, 10 अक्टूबर। शहर में मंगलवार की सायंकाल ऐतिहासिक राम बरात निकाली गई। प्रभु श्रीराम की वर यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने लाला चन्नोमल की बाराद्वारी पर सायंकाल चारों स्वरूपों की आरती उतारी। आरती करने वालों में विधायक चौधरी बाबूलाल, पुलिस कमिश्नर डा प्रीतिंदर सिंह, डीसीपी सूरज राय समेत कई पुलिस अधिकारी और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, भाजपा नेता अलौकिक उपाध्याय व सपा नेता नितिन कोहली भी शामिल थे। राम बरात पर इंद्रदेव की भी मेहरबानी रही, रात आठ से नौ बजे के बीच कई बार रिमझिम बारिश हुई। लेकिन बरात निर्विघ्न रूप से आगे बढ़ती रही। इसके बाद चारों भाइयों के अपने अपने रथ पर विराजमान होने से पहले ही बारिश थम गई।
शोभायात्रा में 100 से भी अधिक झांकियां शामिल हुईं थीं। पहली झांकी के रूप में गणेश जी की सवारी सायं करीब पौने चार बजे शुरू कर दी गई थी। रात करीब पौने दस बजे दूल्हा बने श्रीराम के स्वरूप अपने रथ पर विराजमान हुए। बरात शुरू होने के बाद झांकियों को लेकर समन्वय का क्रम कुछ टूटा, लेकिन इसे शीघ्र ही दुरुस्त कर लिया गया। बैंडों को लेकर भी अड़चनें आईं श्रीजी बैंड की ट्रॉली के स्टेयरिंग ने जम करना बंद कर दिया इससे बरात में व्यवधान पड़ा। जगदीश बैंड ने करीब तीस लाइटें लगा रखी थीं। दरेसी पर मनकामेश्वर मंदिर के पीछे जगदीश बैंड की ट्रॉली का टायर फटने से भी व्यवधान हुआ। इस सबके बावजूद रात करीब डेढ़ बजे श्रीराम का रथ बेलनगंज पहुंच चुका था। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल समेत अनेक पदाधिकारी बरात के साथ व्यवस्थाएं बनाते हुए चल रहे थे।
राम बरात में चंद्रयान-3, जी-20 , राम मंदिर, बैलगाड़ी पर पर्यावरण का संदेश देती झांकियों को देख भक्त प्रफुल्लित दिखे। जी-20 नरेंद्र मोदी, जो बाइडेन, चंद्रयान-3, टी-20 विश्वकप खेलते हुए बच्चे, बेटी बचाओ -बेटी पढाओ, धारा-370 आदि की झांकियों में सशक्त भारत की छवि दिखाई। राम बरात में पुलिस टीम द्वारा आमजन को जागरुक करने वाली झांकी भी निकाली गई। चांदी के रथ पर विष्णु और लक्ष्मी झांकी मनमोहक रही।
_________________________
Post a Comment
0 Comments