चारों महादेव मंदिरों की परिक्रमा पर निकल पड़े भक्त, बल्केश्वर में मेले का उदघाटन

आगरा, 16 जुलाई। नगर में सावन के दूसरे सोमवार पर शुरू होने वाली ऐतिहासिक परिक्रमा में हजारों की संख्या में शिव भक्त भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा पूर्ण करने के लिए निकल रहे हैं। ये भक्त भोलेनाथ के रंग में रंग कर झूमते नाचते हुए, नंगे पैर अपने आराध्य के दर्शन और जलाभिषेक कर रहे हैं।
नगर में सावन के दूसरे सोमवार से पहले पड़ने वाले रविवार शाम से करीब 40 किलोमीटर की ऐतिहासिक परिक्रमा शुरू की जाती है। इस परिक्रमा में हजारों की संख्या में शिव भक्त नंगे पांव भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए शामिल होते हैं। रविवार शाम से शुरू होने वाली यह परिक्रमा सोमवार सुबह करीब आठ बजे तक संपन्न होती है।
परिक्रमा में सभी उम्र के शिव भक्त शामिल होते हैं। जिसमें छोटे बच्चे, किशोर, युवा और बुजुर्ग भी भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए इस परिक्रमाको पूर्ण करते हैं। नंगे पाव लगने वाली परिक्रमा में भक्त जनों के सामने खराब रास्ते की, बरसात की और कांटों की कई परेशानियां आड़े आती है। लेकिन भोलेनाथ की भक्ति में झूमते हुए बम भोले के जयकारे लगाते हुए और नाचते गाते हुए यह भक्त 12 से 13 घंटे में परिक्रमा को पूर्ण कर लेते हैं।
आज शाम सात बजे से ही हजारों की संख्या में भक्तों का हुजूम सड़कों पर दिखाई दे रहा है। बलकेश्वर मंदिर से यह परिक्रमा शुरू होती है। जिसके बाद शिवभक्त ताजगंज होते हुए राजेश्वर मंदिर उसके बाद रावली महादेव, पृथ्वीनाथ और फिर सिकंदरा क्षेत्र में स्थित कैलाश महादेव मंदिर पहुंचते हैं। यहां से बबूल के जंगलों में स्थित वनखंडी महादेव होते हुए बलकेश्वर महादेव मंदिर पर अपनी परिक्रमा संपन्न करते हैं।
शिव भक्तों की आवभगत और उनकी सेवा के लिए परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने भंडारों का आयोजन किया है। कोई ठंडा शरबत बांट रहा है, तो कोई जूस पिला रहा है। कहीं ठंडाई मिल रही है तो कहीं भक्तों को भंडारे का प्रसाद भी दिया जा रहा है। सैकड़ों की संख्या में रास्ते भर शिव भक्तों के लिए पंडाल और साउंड लगाकर इंतजाम करते हैं।
बल्केश्वर में ऐतिहासिक मेला शुरू 
आज शाम को ही दूसरे सोमवार पर बल्केश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित ऐतिहासिक मेले की शुरुआत हो गई। मेले का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया। इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग ने पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया। आचार्य सचिन दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार कर भक्तों भक्ति का संचार किया। यूपी महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा, पार्षद मुरारी लाल गोयल, रीना सिंह, सुनील विकल, बसंत गुप्ता एडवोकेट, बंगालीमल अग्रवाल, ताराचंद मित्तल, उपमा गुप्ता, दिगंबर सिंह धाकरे, राहुल चतुर्वेदी मौजूद रहे।
________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments