लोहामंडी में तनाव, छेड़छाड़ का विरोध करने वाली युवती से दूसरे समुदाय के युवक ने की मारपीट
आगरा, 07 जून। थाना लोहामंडी क्षेत्र में एक समुदाय की लड़की के छेड़खानी का विरोध करने पर दूसरे समुदाय का युवक मारपीट पर उतर आया। इसका पता लगते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोग दुकानें बंद कर थाने पर जमा हो गये। लोगों ने रोड भी जाम कर दी। यहां दोनों समुदाय के लोग रहते है, इसलिए तनाव का माहौल हो गया।
घटना आज बुधवार सुबह 10 बजे की है। लड़की मंदिर से लौट रही थी। वह आलमगंज पानी के टंकी के पास रहती है। आरोप है कि बाजार में दूसरे समुदाय के लड़के की दुकान है। यहां लड़कों का जमावड़ा रहता है। लड़की के गुजरने के दौरान एक लड़के ने रास्ता रोक लिया। उससे छेड़खानी करने लगा। लड़की ने परेशान होकर उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद लड़के ने धक्का देकर लड़की को नीचे गिरा दिया। लड़की घबरा गई और शोर मचा दिया। एक अन्य लड़की ने उसको बचाया। लड़की ने अपने घर पहुंचने के बाद परिवार को पूरी बात बताई।
परिवार के लोगों के हंगामा करने पर मुहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद नाराज लोग बाजार पहुंचे। शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भीड़ ने बाजार की दुकानें भी बंद करा दीं। आरोप है कि इस दुकान पर इकट्ठा लड़के शराब भी पीते हैं। इसके बाद आती-जाती लड़कियों पर कमेंट करते हैं। लोग पहले भी इसका विरोध कर चुके हैं। लेकिन, सुनवाई नहीं हुई।
बाजार बंद कराने के बाद लोग लोहामंडी थाने पहुंचे। यहां थाने पर हंगामा किया गया। करीब 200 लोगों ने थाने को घेर लिया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं मान रहे थे। थाना लोहामंडी प्रभारी आशीष पांडे का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ऐसा सबक सिखाए भविष्य में कोई दुस्साहस न कर सकेः विजय शिवहरे
इस बीच एमएलसी विजय शिवहरे को भी मामले की जानकारी हुई। शहर से बाहर होने के कारण उन्होंने तत्काल आईजी, डीआईजी, डीसीपी सिटी और लोहामंडी थाना प्रभारी सभी अधिकारियों को फोन कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसे कड़ा सबक सिखाने के लिए कहा, ताकि भविष्य में हिंदू युवतियों के साथ कोई इस तरह की अभद्रता और छेड़छाड़ करने की हिम्मत न जुटा सके। विजय शिवहरे ने बताया कि पुलिस ने दोपहर में मुख्य आरोपी के नजदीकी दो लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी की भी तेजी से तलाश की जा रही है।
होटल एसोसियेशन भी साथ आई
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसियेशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि हम सभी इस बेटी के साथ हैं, जिसने खड़े होकर मुकाबला किया और परिवार वालों से कहने की हिम्मत जुटाई। उन्होंने मांग की कि दोषी लड़के और उसके साथियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
भाजपा पार्षद शरद चौहान ने भी घोर निन्दा की
भाजपा पार्षद शरद चौहान ने भी घटना की घोर निन्दा की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे आगे कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
_____________________________
Post a Comment
0 Comments