शासन और पत्रकार मिल कर प्रजातंत्र को मजबूत करें: ब्रजेश पाठक

पारदर्शिता के साथ सकारात्मक खबरे दें पत्रकार-प्रो बघेल
पत्रकार ही देश में परिवर्तन ला सकते हैं-योगेन्द्र उपाध्याय 
पत्रकारिता एक विरासत है, उसे संभालना होगा-विनोद अग्निहोत्री
नैतिकता ही पत्रकार का कवच - अरुण त्रिपाठी
आगरा, 17 मई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि पत्रकारिता प्रजातंत्र का चौथा स्तंभ है। सत्ता और पत्रकारिता के प्रतिष्ठितजनों को मिल कर दोनों के बीच की दूरी खत्म करके प्रजातंत्र को मजबूत करना होगा। तभी देश और प्रदेश की प्रगति संभव है।
उप मुख्यमंत्री ने यह विचार अपने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रेस क्लब आफ आगरा और उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को आयोजित इंडो-नेपाल-बांग्लादेश मीडिया कांक्लेव -2023 में व्यक्त किए। होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित इस सम्मेलन में नेपाल और बांग्लादेश से 45 से अधिक पत्रकार शामिल हुए। कांक्लेव का विषय था, "सामयिक परिदृश्य में मीडिया की चुनौतियां और समाधान।"
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रतिस्पर्धा और टीआरपी के चक्कर में कुछ समाचार आधे-अधूरे या तथ्यहीन प्रसारित और प्रकाशित कर दिए जाते हैं, जिससे समाज पर उसका गलत असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गलत पत्रकारिता के लिए पहले पीत पत्रकारिता शब्द का उपयोग किया जाता था, उसी प्रकार प्रशासनिक अधिकारियों के भ्रष्टाचार को लालफीताशाही शब्द दिया गया। लेकिन अब समय है कि इन सबसे बचाव कर अपने छवि को स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने कहा कि चेहरे पर से धूल तो हटाएं, लेकिन दर्पण में लगी धूल से भ्रमित न हों। उन्होंने तुलसीदास के दोहे को वर्तमान युग के परिप्रेक्ष्य में संशोधित करते हुआ कहा कि कवि, वैद्य और पत्रकार यदि भयवश प्रशंसा करता है तो देश का नाश होता है। यह भी कहा कि लोकतंत्र के चार खंभे में से यदि एक भी कमजोर होगा तो लोकतंत्र खतरे में आ जाएगा। इसलिए पत्रकार पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। किसी भी हालत में लक्ष्मण रेखा पार न करें। नेपाल के पत्रकारों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल देश नहीं, हमारा छोटा भाई है। भाषा, संस्कृति, सभ्यता सभी कुछ नेपाल से हमारा मिलता है।
पत्रकार ही देश में परिवर्तन ला सकते हैं-योगेन्द्र उपाध्याय 
प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सत्ता और पत्रकार जब समाज के लिए सोचते हैं, तभी समाधान निकलता है। पत्रकार ही जनता को जागरूक करते हैं। पत्रकारिता की जागरूकता का असर हमने आपातकाल में देखा था। जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगा दी थी तब समाचार पत्रों ने भी आवाज बुलंद करके उसका विरोध किया था। परिणाम स्वरूप तत्कालीन सत्ता को सिमटना पड़ा था। पत्रकार ही यदि अच्छे मन से काम करें तो वे ही समाज, प्रदेश और देश में परिवर्तन ला सकते हैं।
पत्रकारिता एक विरासत है, उसे संभालना होगा-विनोद अग्निहोत्री
मुख्य वक्ता अमर उजाला, नई दिल्ली के सलाहकार संपादक विनोद अग्निहोत्री थे। उन्होंने आगरा में हुई भारत-पाक शिखर वार्ता की याद को ताजा करते हुए कहा कि यदि वह वार्ता सफल हो जाती तो अभी तक भारत और पाकिस्तान का नक्शा ही बदल गया होता। पत्रकारिता की चुनौतियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बहुत  सतर्कता की जरूरत है। सतर्कता के साथ, तथ्यों को पऱखें और पारदर्शिता रखें, उसके बाद अपने समाचारों को आगे बढ़ाएं। पत्रकारिता एक विरासत है, उसे संभालना होगा। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारों को एकजुट होना चाहिए। यदि किसी शहर, प्रदेश या देश में किसी पत्रकार के साथ कुछ होता है तो उसकी आवाज बुलंद सभी को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक गाय है, जिसका दूध तो सब पीना चाहते हैं, लेकिन पूंछ भी हिलाए तो कहते हैं सींग मार दिया। अग्निहोत्री ने कहा कि किसी को कुर्सी हिलाने के लिए पत्रकारिता न करें। सोशल मीडिया ने अब एकाधिकार छीन लिया है, ऐसे में बहुत सावधानी की जरूरत है।
नैतिकता ही पत्रकार का कवच - अरुण त्रिपाठी
प्रमुख वक्ता दिल्ली से आए वरिष्ठ सम्पादक अरुण त्रिपाठी ने पत्रकार और पत्रकारिता के संकट पर विशेष चिंतन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हर तरह के समाचार भी चाहिए और सुरक्षा भी नहीं मिलेगी, अतः नैतिकता ही पत्रकार का कवच है। उसी को अपनाएं। विख्यात पत्रकार पराड़कर ने अमर शहीद राजगुरु को पिस्तौल से निशाना लगाना सिखाया था, लेकिन पराड़कर जी ने कभी पिस्तौल का उपयोग नहीं किया। महात्मा गांधी, पं.नेहरू, अटल जी, आडवाणी आदि भी पत्रकार रहे। सबके बारे में लिखने वाले पत्रकार ने कभी अपने बारे में नहीं लिखा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता तो आती जाती रहेगी, लेकिन समाज यहीं रहेगा। अतः समाज को समृद्ध, सुसंस्कृत करना होगा, तभी हमारी पत्रकारिता सार्थक होगी। 
पत्रकारों की विषम परिस्थितियों पर भी संज्ञान लें-पांडे
उपजा के प्रदेश अध्यक्ष शिव मनोहर पांडे का कहना था कि देहात के पत्रकारों पर कोई ध्यान नहीं देता। उनकी विषम परिस्थितियों पर भी सभी को संज्ञान लेना चाहिए, जिन्हे न उचित पारिश्रमिक संस्थान से मिलता है न समाज से उचित सम्मान। मीडिया पर अंकुश लगाया जा रहा है, पत्रकार औरों की पीड़ा तो लिख सकता है, अपनी नहीं। इसके लिए उचित है कि पत्रकार संगठन मजबूत हों और आपस में अपनी समस्याओं को सुलझाएं।
साउथ एशिया के पत्रकार चिंतन करें -राजू लामा
सार्क जर्नलिस्ट फोरम, काठमांडू-नेपाल के अध्यक्ष राजू लामा ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जो प्रजातंत्र की जननी है। नेपाल और बांग्लादेश में भी प्रजातंत्र भारत से ही आया है। भारत की पत्रकारिता से भी विश्व के कई देश प्रभावित हैं। प्रेरणा लेते हैं, इससे हमें शिक्षा लेनी चाहिए। साउथ एशिया के पत्रकारों को चिंतन करना चाहिए। अफगानिस्तान में पत्रकारों को काफी संकट का सामना करना पड़ सकता है। वहां आज भी टीवी पर महिला पत्रकार बुर्के में खबरें पढ़ती हैं। जबकि भारत में पत्रकारों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में आकर लड़ाई लड़ी है।
भारत के प्रजातंत्र को सैल्यूट -अब्दुर रहमान
बांग्ला देश से आए अब्दुर रहमान ने कहा कि यह आयोजन गौरवशाली रहा है। भारत का प्रजातंत्र भी समृद्धशाली और प्रेरक है, मैं इसे सैल्यूट करता हूं।
पत्रकारिता की चुनौतियों का सामना करें- संजय तिवारी
प्रारंभ में स्वागत भाषण प्रेस क्लब आगरा के सचिव संजय तिवारी ने दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का सामने चुनौतियां हैं, उनका सभी को सामना करना चाहिए। 
संचालन करते हुए कोषाध्यक्ष विवेक जैन आगरा की पत्रकारिता और उसकी इतिहास पर प्रकाश डाला। क्लब के उपाध्यक्ष विनीत दुबे, उपसचिव शोभित चतुर्वेदी भी मंचासीन रहे। 
इनका किया गया सम्मान
समारोह में अतिथियों के अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार विनोद भारद्वाज, ओम ठाकुर, आनंद शर्मा,  प्रमुख उद्यमी जेएस फौजदार, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष राजेश गोयल, फुटवियर निर्यातक नजीर अहमद, होटल उद्यमी, राकेश चौहान, संजय अग्रवाल, रमेश वाधवा, महंत निर्मंल गिरी, दिगंबर सिंह धाकरे, राजेश खुराना, पार्षद गौरव शर्मा।
इन्होंने किया सम्मान
अतिथियों का माल्यार्पण व सम्मान क्लब के अध्यक्ष अशोक अग्निहोत्री, वरिष्ठ पत्रकार विनोद भारद्वाज, आदर्श नंदन गुप्त, जसवीर सिंह जस्सी, शिव चौहान, राजकुमार तिवारी, रमेश राय, शरद यादव, समीर कुरैशी, कपिल अग्रवाल, विजय पाल बघेल, मनीष जैन, सुनील कुलश्रेष्ठ, अजेंद्र चौहान, फरहान खान, कामिर कुरैशी, शिवम प्रजापति, हरिकांत शर्मा, राघवेंद्र, कामरान वारसी, चंद्रप्रकाश एमडी अब्बास दानिश उमरी, सुभाष जैन, रिंकी तोमर, संजय सिंह, प्रमोद कुमार अग्रवाल, प्रभाकर सिंह पाल, मुकेश कुमार गुप्ता, ब्रजेश कुमार शर्मा, प्रिया जैन, डा.एमसी शर्मा, ध्रुव जैन, डा.यूके शर्मा, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, दानिश उमरी, अजहर उमरी, पंकज वशिष्ठ आदि ने किया।
____________________






ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments