खबरें अपराध जगत की......

नौकर ने मुंबई से 65 लाख के गहने चुराए आगरा में बेच दिए
आगरा। मुंबई से एक नौकर मालिक के घर से करीब 65 लाख रुपये के हीरे और सोने के गहने चुरा लाया। आगरा में दोस्तों की मदद से माल को ज्वेलर्स को बेच दिया। मुंबई पुलिस ने आगरा के शाहगंज क्षेत्र से माल समेत नौकर, ज्वेलर्स और साथियों को अरेस्ट कर लिया है।
मुंबई के दादर निवासी विष्णु गुप्ता और उनकी पत्नी प्रभा गुप्ता परिवार के लोगों के साथ सिलिगुड़ी (पश्चिमी बंगाल) किसी शादी समारोह में गए थे। घर की जिम्मेदारी नौकर हंसपुरी गोस्वामी को दे गए। हंसपुरी गोस्वामी पिछले 5 वर्ष से उनके यहां नौकरी कर रहा था। उसने पूरे परिवार को भरोसा जीत लिया था। परिवार के लोग जब दो दिन के लिए बाहर चले गए तो मौका पाते ही नौकर ने घर में रखे करीब 65 लाख रुपए के हीरे-सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद वह मुंबई से आगरा आ गया। इंस्टाग्राम पर आगरा के तीन लोगों से उसकी दोस्ती हो गई थी। उनकी मदद से उसने शाहगंज क्षेत्र में एक ज्वेलर्स को माल बेच दिया था। आरोपियों को लेकर मुंबई पुलिस थाना शाहगंज पहुंची। मुंबई पुलिस ने पहले राजकोट (गुजरात) निवासी नौकर हंसपुरी गोस्वामी को अरेस्ट किया। इसके बाद उस ज्वेलर्स के यहां पहुंची, जहां उसने माल बेचा था। पुलिस ने बेचा हुआ माल बरामद कर लिया है। साथ ही माल बेचने में नौकर की मदद करने वाले 2 साथी और पकड़े हैं। माल टंच, सोना गलाने के काम से जुड़े तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। 
____________________
मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा का एक और डकैत गिरफ्तार 
आगरा। कमला नगर में मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में लगभग दो साल पहले हुई डकैती में शामिल एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस शातिर बदमाश को मंटोला थाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया। वह इस मुकदमे में वांछित था। 
पकड़ा गया शातिर बदमाश देवेंद्र यादव है जो फिरोजाबाद का रहने वाला है। देवेंद्र यादव की भी लंबी चौड़ी अपराधिक हिस्ट्री है। देवेंद्र यादव पर कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि अब यह किस गैंग के साथ सक्रिय है, इसका पता लगाया जा रहा है। इसके गैंग के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही हैं। 
_______________
आईपीएल सट्टेबाज दो सगे भाई गिरफ्तार 
आगरा।  क्रिकेट का आईपीएल के शुरू होते ही सट्टेबाजों ने भी सट्टेबाजी के चौके छक्के लगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने आईपीएल में सट्टेबाजी चला रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोबाइल फोन लैपटॉप व अन्य वस्तुएं बरामद की। एसीपी सदर अर्चना सिंह ने इस मामले की जानकारी दी।
मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के बरौली अहीर से जुड़ा हुआ है। बरौली अहीर के एक घर में  एसओजी और ताजगंज थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके से ऑनलाइन सट्टे के कारोबार को चलाने के संसाधन जैसे मोबाइल लैपटॉप बरामद किए गए। ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार दो सगे भाई अर्जुन यादव और करण यादव चला रहे थे जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 
एसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि सट्टे का पूरा कारोबार ऑनलाइन चलाया जा रहा था। मौके से थाना पुलिस ने एक लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन और 650 रुपये नगद बरामद किए थे। लैपटॉप और मोबाइल को जब खंगाला गया तो उसमें सट्टेबाजी की ऑनलाइन चेटिंग और ऑनलाइन पेमेंट किए जाने के सबूत मिले। 
_____________
ताजमहल के अंदर दो फर्जी गाइड पकड़े गए
आगरा। ताजमहल के अंदर दो फर्जी गाइड पकड़े गए हैं। दोनों फर्जी गाइड पर्यटकों को घुमाने के लिए ताजमहल पहुंचे थे। फीस तय करने के बाद दोनों गाइड पर्यटकों के साथ ताजमहल के अंदर थे। उन्होंने एएसआई कर्मचारियों के मांगने पर उन्हें लाइसेंस दिखाया। जांच में पता चला कि दोनों लाइसेंस फर्जी हैं। दोनों को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों के नाम दिनेश कुमार पुत्र बिहारी लाल और यशपाल पुत्र रामकिशन हैं। दिनेश नगला पैमा धांधूपुरा थाना ताजगंज क्षेत्र का रहने वाला है। जबकि यशपाल असद गली थाना ताजगंज क्षेत्र का रहने वाला है। 
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस बाजपेयी ने दिनेश और यशपाल के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
_________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments